नई दिल्ली। तमिलगा वेत्त्री कज़गम (टीवीके) के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि वे अपने दम पर सरकार बनाएंगे। शुरुआती रुझानों में सुपरस्टार से नेता बने विजय की पार्टी को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (डीएमके) से काफी आगे निकलते हुए देखा गया है। टीवीके के प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने कहा कि डीएमके अंधेरे में ही बैठी थी, अब उन्हें सच्चाई पता चल गई है। टीवीके अपने दम पर सरकार बनाएगी। टीवीके, जो अपने पहले चुनाव में डीएमके को कड़ी टक्कर दे रही है, 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है और बहुमत के 118 सीटों के आंकड़े के करीब पहुंच रही है। शुरुआती रुझानों में यह तमिलनाडु की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, सत्ताधारी डीएमके 50 से अधिक सीटों पर आगे है।
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (एआईएआईडीएमके) भी सत्ताधारी पार्टी से बेहतर प्रदर्शन कर रही है और 70 से अधिक सीटों पर आगे है। तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर निर्वाचन क्षेत्रों में, विजय – जिन्होंने इस साल अपना पहला चुनाव लड़ा है – मतगणना के पहले चरण के बाद आगे चल रहे हैं। विजय, जिन्हें ‘थलपति’ के नाम से जाना जाता है, अपने विशाल प्रशंसक आधार के कारण राज्य चुनावों में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं, और एग्जिट पोल के अनुमान उनके प्रशंसकों के इस प्यार को बखूबी दर्शाते हैं।
टीवीके स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है, जबकि एआईएडीएमके एनडीए गठबंधन का नेतृत्व कर रही है और डीएमके कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। तमिलनाडु चुनाव 2026 के लिए मतदान 23 अप्रैल को एक ही चरण में हुआ। वोटों की गिनती शुरू होते ही टीवीके के समर्थक पार्टी मुख्यालय के बाहर जमा हो गए। यहां तक की द्रमुक के शीर्ष नेता एवं मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं उप मुख्यमंत्री उदयनिधि चेन्नई की अपनी-अपनी सीटों पर पिछड़ते नजर आ रहे हैं। द्रमुक 40 सीट पर आगे है।
एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली अन्नाद्रमुक 67 सीट पर आगे है, जबकि उसकी सहयोगी पीएमके सात सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग और टीवी चैनलों की खबरों के अनुसार, स्टालिन समेत 15 मंत्री चुनाव में पिछड़ रहे हैं। कई खबरों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि भी अपनी मौजूदा चेपॉक-तिर्वुवल्लिकेनी सीट पर पीछे हैं।

