जिलाधिकारी ने ली मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक, कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी; टॉप-3 रैंकिंग हासिल करने का दिया टारगेट

हमीरपुर।। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से संचालित विकास एवं राजस्व संबंधी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।।बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अक्टूबर माह के मूल्यांकन में जनपद हमीरपुर ने विकास एवं राजस्व की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में सातवां स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी माह में जनपद को प्रदेश की टॉप-3 रैंकिंग में स्थान दिलाने के लिए सभी विभागीय अधिकारी पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करें।बैठक में बिना पूर्व सूचना एवं स्पष्टीकरण के अनुपस्थित रहने पर जिला उद्यान अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अन्य जनपदों का अतिरिक्त प्रभार देख रहे अधिकारी भी समीक्षा बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।नियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी मौदहा, सरीला एवं गोहांड की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही खंड विकास अधिकारी सुमेरपुर का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति में सुधार लाने तथा सभी विद्यालयों के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।सीवीओ को गोवंश संरक्षण के संबंध में चारागाह के लिए आवंटित भूमि पर समय से हरा चारा बोने तथा 100 से कम गोवंश संख्या वाली गोशालाओं को बंद कर गोवंश को अन्य उपयुक्त गोशालाओं में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।मत्स्य संपदा विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने तथा बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन रोकने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी अपने विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें तथा पोर्टल पर योजनाओं की प्रगति की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी माह में जनपद को प्रदेश की टॉप-3 रैंकिंग में लाने के लिए सभी अधिकारी हर हाल में समन्वित प्रयास करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, उपनिदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरी शंकर सहित समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular