शिल्पा शेट्टी का ‘बॉल एक्सरसाइज चैलेंज’, जानें दिमाग और शरीर को होने वाले फायदे

मुंबई। बॉलीवुड की फिटनेस आइकन शिल्पा शेट्टी अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को सेहतमंद रहने के नए और दिलचस्प तरीके बताती रहती हैं। इसी कड़ी में उन्होंने अपने ‘मंडे मोटिवेशन’ पोस्ट के तहत एक मजेदार और अनोखा ‘बॉल एक्सरसाइज चैलेंज’ शेयर किया है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो में शिल्पा गेंद के साथ अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि देखने में बेहद आसान लगने वाली यह कसरत न केवल शरीर को चुस्त रखती है, बल्कि दिमाग को भी तेजी से सक्रिय रखने में मदद करती है।
वीडियो के साथ कैप्शन में शिल्पा शेट्टी ने फैंस को चुनौती देते हुए लिखा, “एक गेंद, कई तरह के मूवमेंट्स और पूरा फोकस। सुनने में आसान लग रहा है? इसे आजमाकर देखिए और खुद अनुभव कीजिए। अपने वीडियो में मुझे टैग करें, देखते हैं आप में से कितने लोग इस चैलेंज को पूरा कर पाते हैं।”

दिमाग की नसों को सक्रिय करती है यह बॉल एक्सरसाइज
शिल्पा ने इस खास एक्सरसाइज के वैज्ञानिक फायदे समझाते हुए बताया कि बॉल एक्सरसाइज दिमाग के विभिन्न हिस्सों को एक साथ एक्टिव करती है। इसमें मस्तिष्क के दाएं और बाएं दोनों हिस्सों के अलावा याददाश्त से जुड़े रास्ते और शारीरिक गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले हिस्से शामिल होते हैं। इस तरह की कसरत से फोकस (ध्यान लगाने की क्षमता) बढ़ता है, एकाग्रता बेहतर होती है और मानसिक थकान कम करने में मदद मिलती है।
शरीर के संतुलन और तालमेल में होता है सुधार
एक्ट्रेस के मुताबिक, जब कोई व्यक्ति गेंद को अलग-अलग तरीकों से पकड़ता है या उसके साथ मूवमेंट करता है, तो शरीर और दिमाग दोनों को एक साथ तालमेल बिठाकर काम करना पड़ता है। इससे हाथों और आंखों के बीच का समन्वय (Hand-Eye Coordination) और शारीरिक संतुलन काफी बेहतर होता है।
शिल्पा ने आगे बताया कि ऐसी क्रॉस-बॉडी मूवमेंट और ‘ब्रेन जिम’ जैसी गतिविधियों से शरीर में रक्त संचार (ब्लड फ्लो) सुधरता है और दिमाग की नसों के बीच कनेक्शन मजबूत होते हैं। यह न केवल काम के दौरान चीजों को याद रखने और बदलती परिस्थितियों के अनुसार तुरंत सोचने की क्षमता को निखारता है, बल्कि मांसपेशियों पर नियंत्रण बढ़ाने में भी बेहद कारगर साबित होता है।
Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular