हमीरपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आज अंबेडकर पार्क से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर मतदान के महत्व एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नारों के माध्यम से नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। रैली में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर, 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है तथा ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त करेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित की जा रही हैं। साथ ही पदाभिहित अधिकारियों के माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।जिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ द्वारा नगर एवं ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कर पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के साथ ही डुप्लीकेट, मृतक एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाकर निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जाएगा।उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की।जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे अभियान के दौरान अपनी मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें तथा पात्र होने पर नाम जुड़वाने एवं आवश्यक संशोधन कराने के लिए निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

