बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे के दौरान एक हाई-प्रोफाइल बैठक में उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक अमेरिकी पत्रकार ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मौजूदगी में ही चिप दिग्गज कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के पूर्व सीईओ जेन्सन हुआंग के कथित अफेयर और जासूसी विवाद पर तीखा सवाल दाग दिया। इस सवाल के तुरंत बाद चीनी सुरक्षाकर्मियों ने पत्रकार का कैमरा ले लिया, उन्हें कमरे से बाहर निकाल दिया और आगे होने वाली सभी अहम बैठकों में जाने से प्रतिबंधित कर दिया।
चिल्लाकर पूछा सवाल— “क्या जेन्सन हुआंग ने अमेरिका को धोखा दिया?”
घटना उस वक्त हुई जब डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग एक साथ मौजूद थे। इसी दौरान ब्लूमबर्ग टीवी (Bloomberg TV) की पत्रकार ऐनमारी होर्डर्न (Annmarie Hordern) ने चिल्लाते हुए ट्रंप से सवाल किया, “राष्ट्रपति ट्रंप, क्या जेन्सन हुआंग ने अमेरिका के साथ धोखा किया है?”
सवाल सुनते ही ट्रंप ने संक्षिप्त जवाब में सिर्फ “तुम्हारा शुक्रिया” कहा और इस विषय पर चुप्पी साध ली। वहीं, पास खड़े शी जिनपिंग भी पत्रकार की ओर देखते रह गए, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके कुछ ही सेकंड बाद एक चीनी अधिकारी वहां पहुंचा, उसने पत्रकार के हाथ से कैमरा ले लिया और उन्हें कमरे से बाहर कर दिया।
पुतिन, शी और ट्रंप की बैठक में एंट्री पर लगा बैन
जानकारी के मुताबिक, ऐनमारी होर्डर्न ने इसके बाद भी अन्य प्रेस कॉन्फ्रेंस और बैठकों में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन चीनी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। उन्हें पुतिन, शी जिनपिंग और ट्रंप से जुड़ी बैठकों की कवरेज से भी प्रतिबंधित कर दिया गया। इस घटना के बाद कूटनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर चीन इस सवाल को लेकर इतना असहज क्यों दिखा?
क्या है जेन्सन हुआंग और ‘चीनी जासूस’ का पूरा विवाद?
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेन्सन हुआंग इन दिनों वैश्विक स्तर पर विवादों में घिरे हुए हैं। उन पर आरोप है कि उनका एक चीनी महिला एलीस हुआंग के साथ अफेयर था, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
• ट्रंप कर चुके हैं बचाव: हैरानी की बात यह है कि इन गंभीर आरोपों के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप लगातार जेन्सन हुआंग और एलीस हुआंग की तारीफ करते रहे हैं। ट्रंप ने न केवल खुलकर दोनों का बचाव किया, बल्कि यह भी कहा कि जेन्सन हुआंग को अपने पद पर वापसी करनी चाहिए।
• क्यों संवेदनशील है मामला: अमेरिका और चीन के बीच चल रही एआई (AI) और सेमीकंडक्टर की दौड़ में एनवीडिया की एडवांस चिप्स अमेरिका का सबसे बड़ा हथियार रही हैं। ऐसे में कंपनी के शीर्ष अधिकारी का किसी संदिग्ध चीनी नागरिक से अंतरंग संबंध होना अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
चीनी अधिकारियों की पत्रकारों को सख्त चेतावनी
इस घटना के बाद चीनी अधिकारियों ने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि वे नेताओं के सामने चिल्लाकर सवाल न पूछें। अधिकारियों ने इसे ‘असभ्य व्यवहार’ बताते हुए चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों को कमरे से बाहर कर दिया जाएगा। वहीं, इस समिट में कई बड़े अमेरिकी मीडिया संस्थानों की गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि मीडिया यह नहीं देख पा रहा है कि पर्दे के पीछे (बिहाइंड द सीन) क्या बड़ा काम चल रहा है।

