प्रयागराज। नववर्ष के आगमन के साथ ही सनातन संस्कृति के सबसे पावन और आध्यात्मिक पर्वों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है। हिंदू धर्म में पौष पूर्णिमा से लेकर माघ पूर्णिमा तक का समय तीर्थराज प्रयाग के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं माना जाता। इस दौरान संगम की रेती पर आस्था की डुबकी लगाने और ‘कल्पवास’ करने के लिए देश-दुनिया से श्रद्धालु उमड़ते हैं। खास बात यह है कि इस बार माघ मेले का औपचारिक आगाज पौष पूर्णिमा (22 जनवरी) से एक सप्ताह पहले ही 15 जनवरी को मकर संक्रांति के पावन स्नान के साथ हो जाएगा।
मां कामाख्या ज्योतिष पीठम ट्रस्ट के निदेशक ज्योतिषाचार्य विवेक उपाध्याय के अनुसार, धर्म शास्त्रों में अष्टमी, द्वादशी, चतुर्दशी, पूर्णिमा, अमावस्या और सूर्य की संक्रांतियों को विशेष ‘पर्व तिथि’ माना गया है। इन तिथियों पर संगम में स्नान और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्व और उनका धार्मिक महत्व
1. मकर संक्रांति (15 जनवरी) — मेले का पहला स्नान
जब सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तो उसे मकर संक्रांति कहा जाता है। इसी दिन से सूर्य उत्तरायण होते हैं, जिससे दिन बड़े होने लगते हैं और शीत लहर का प्रकोप कम होने लगता है।
• शुभ मुहूर्त: मकर संक्रांति 14 जनवरी की रात 03:54 बजे लग रही है, इसलिए उदयातिथि के अनुसार इसका महापुण्य काल 15 जनवरी को सूर्योदय से शुरू होकर अगले 8 से 16 घंटे तक रहेगा। इस दिन किया गया स्नान-दान अक्षय फल देता है।
2. पौष पूर्णिमा (22 जनवरी) — कल्पवास का शुभारंभ
पौष मास की अंतिम तिथि यानी पौष पूर्णिमा इस बार 22 जनवरी को पड़ रही है।
• इसी दिन से संगम तट पर कठिन तप और संयम के महापर्व ‘कल्पवास’ की शुरुआत होती है।
• शास्त्रों की मान्यता है कि पौष पूर्णिमा के स्नान के बाद ही माघ मास के अन्य सभी स्नान पर्वों का पूर्ण पुण्य फल प्राप्त होता है।
3. मौनी अमावस्या (6 फरवरी) — सबसे बड़ा शाही स्नान
माघ मास की अमावस्या को ‘मौनी अमावस्या’ कहा जाता है, जो इस वर्ष 6 फरवरी को है।
• इस दिन मौन रहकर (बिना कुछ बोले) पवित्र नदियों में स्नान और दान करने का विधान है।
• धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस तिथि पर मौन स्नान करने से काशी में गंगा स्नान के बराबर पुण्य मिलता है, जबकि प्रयागराज के संगम तीर्थ पर यह पुण्य हजारों गुना बढ़ जाता है।
4. वसंत पंचमी — ज्ञान और आत्मजागरण का पर्व
वसंत पंचमी का दिन ज्ञान और वाणी की देवी मां वागीश्वरी (सरस्वती) की आराधना को समर्पित है। शास्त्रों में इसे ‘अबूझ’ या स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना गया है।
• तीर्थराज प्रयाग में इस दिन स्नान का महत्व इसलिए भी कई गुना बढ़ जाता है क्योंकि मान्यता है कि यहां स्वयं मां सरस्वती सूक्ष्म रूप में विद्यमान हैं।
• आध्यात्मिक दृष्टि से यह आत्मजागरण और ज्ञान चक्र को जाग्रत करने का समय है, जिससे जीवन में सात्विक चेतना का संचार होता है।

