लेटेस्ट न्यूज़
5 Feb 2025, Wed

PM मोदी ने नव वर्ष की बधाई, योगी बोले- नववर्ष में विकास के प्रयासों में तेजी आएगी

नई दिल्ली, एजेंसी। रात 12 बजते ही भारत समेत पूरी दुनिया नए साल के जश्न में डूब गई। नए सपने और नई उम्मीदें लेकर साल 2025 सबसे पहले किरिबाती गणराज्य के क्रिसमस आइलैंड पहुंचा। प्रशांत महासागर में स्थित इस द्वीप में भारतीय समयानुसार 31 दिसंबर की शाम साढ़े 3 बजे ही नए साल का जश्न शुरू हो गया। इसी क्रम में समोआ और टोंगा, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, म्यांमार, जापान और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी नव वर्ष ने भारत से पहले दस्तक दी। अलग-अलग टाइम जोन के कारण 41 देश ऐसे हैं, जो भारत से पहले नव वर्ष का स्वागत करते हैं। भारत समेत दुनियाभर में स्थानीय संस्कृतियों और परंपराओं के साथ नए साल का स्वागत किया जा रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और उनसे भारत और विश्व के लिए एक उज्जवल, अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करने को कहा। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं! वर्ष 2025 सभी के लिए खुशी, सद्भाव और समृद्धि लेकर आए! इस अवसर पर आइए हम भारत और विश्व के लिए एक उज्जवल, अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करें।’

प्रधानमंत्री मोदी ने दीं देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘2025 की शुभकामनाएं! यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अनंत खुशियां लेकर आए। सभी को अद्भुत स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।

नववर्ष में समृद्धि, विकास के प्रयासों में तेजी आएगी: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भरोसा जताया कि इस राज्य को समृद्धि और विकास के रास्ते ले जाने के डबल इंजन सरकार के प्रयासों में 2025 में और तेजी आएगी। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रदेश में जारी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की वजह से इस प्रदेश के लोगों का जीवन स्तर निरंतर सुधर रहा है। उन्होंने कहा, ‘गरीब, किसान, युवा और महिलाओं समेत समाज का हर तबका इस डबल इंजन सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो रहा है। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश विरासत और विकास को आगे बढ़ाने में सार्थक भूमिका निभा रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि प्रदेश को समृद्धि और विकास के पथ पर आगे ले जाने की डबल इंजन सरकार के प्रयासों में 2025 में और गति आएगी।’

नए साल में ‘स्वर्णिम झारखंड’ बनाने का संकल्प लें: सोरेन
2025 के पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों की आकांक्षाओं को साकार करने के लिए ‘स्वर्णिम झारखंड’ बनाने का संकल्प लिया। सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘नव वर्ष 2025 के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। राज्य के अमर वीर शहीदों और महान क्रांतिकारियों के सपनों तथा जनता की आकांक्षाओं को साकार करते हुए हमें मिलकर स्वर्णिम झारखंड का निर्माण करना है।’

नववर्ष 2025: अमृतसर में उमड़ा आस्था का सैलाब

स्वर्ण मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब: नव वर्ष के स्वागत में दुनियाभर में उत्साह और उमंग देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के िसडनी हॉर्बर से लेकर थाईलैंड की राजधानी बैंकाक तक में जमकर आतिशबाजी हुई। वहीं, भारत में भी लोगों ने जमकर जश्न मनाया। देशभर के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। तस्वीर स्वर्ण मंदिर की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *