शंघाई। भारतीय महिला रिकर्व टीम ने तीरंदाजी विश्व कप 2026 के दूसरे चरण में इतिहास रच दिया। दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कुमकुम मोहोद की भारतीय टीम ने मेजबान चीन को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
रोमांचक अंतिम मुकाबले में भारत ने पहला सेट जीता, लेकिन चीन ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया। निर्धारित चार सेट के बाद स्कोर बराबर रहने के कारण मैच का नतीजा शूट-ऑफ में निकला।
भारतीय टीम ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए 5-4 (28-26) से जीत दर्ज की। अनुभवी दीपिका ने दबाव के बीच अंतिम ‘शूट-ऑफ’ तीर पर अहम नौ अंक जुटाकर भारत को 2021 के बाद पहला विश्व कप स्वर्ण पदक दिलाया।
इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
यह टूर्नामेंट में भारत का दूसरा पदक है। इससे पहले, विश्व यूनिवर्सिटी खेलों के मौजूदा चैंपियन साहिल जाधव ने शनिवार को पुरुषों के कंपाउंड इवेंट में कांस्य पदक जीता था। कांस्य पदक के मैच में उन्होंने डेनमार्क के मार्टिन डैम्सबो को 147-144 से हराया।
अपने अभियान के दौरान, साहिल रैंकिंग राउंड में आठवें स्थान पर रहे और फिर क्वार्टरफाइनल में निको वीनर (ऑस्ट्रिया) को हराया, जिसके बाद सेमीफाइनल में उन्हें निकोलस गिरार्ड (फ्रांस) से हार का सामना करना पड़ा।
भारत एक और पदक की दौड़ में बना हुआ है। सिमरनजीत कौर दिन में बाद में सेमीफाइनल में उतरेंगी और विश्व कप में अपना पहला पदक जीतने के लिए उन्हें एक जीत की जरूरत होगी।

