वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह शहर में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री शाम को हेलीकॉप्टर से वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां से वह बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री शिवपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित विद्या बिहार इंटर कॉलेज में भी बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और उन्हें राहत सामग्री वितरित करेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। उनके साथ मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र झा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री अधिकारियों को बाढ़ से निपटने और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं। इसके बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति को लेकर महापौर अशोक तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से बातचीत कर हालात की जानकारी ली थी। प्रधानमंत्री को जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि बढ़ते जलस्तर और शहर के कई हिस्सों में उत्पन्न व्यवधान के कारण आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की और बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ने अतिरिक्त राहत सामग्री की जरूरत होने पर उसकी तत्काल व्यवस्था करने और बाढ़ की स्थिति तथा राहत कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए युद्धस्तर पर राहत पहुंचाने को कहा था। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा क्षेत्र भी है, ऐसे में वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहकर शहर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


