लेटेस्ट न्यूज़
14 Apr 2026, Tue

सीएम ममता ने भाजपा को बताया ‘बांग्ला-विरोधी जमींदार’, कहा- कर रहे पूरे राज्य को बांटने की कोशिश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनावी रैली के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दल को बांग्ला-विरोधी जमींदार बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राज्य के लोगों को बांटने और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी रैली का वीडियो साझा करते हुए बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्धमान और बांकुड़ा के मतदाताओं से अपील की कि वे टीएमसी को लगातार चौथी बार सत्ता में लाएं। उन्होंने लिखा कि राज्य की जनता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और पिछले 15 वर्षों में जो कुछ भी हासिल हुआ है, वह मां-माटी-मानुष की साझी ताकत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि मेरे भाई-बहन मेरी सबसे बड़ी पूंजी हैं। बीरभूम, पूर्व और पश्चिम बर्धमान व बांकुड़ा ने मुझे प्यार और आशीर्वाद का ऋणी बना दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी मां-माटी-मानुष सरकार ऐतिहासिक चौथी बार वापसी करेगी।
कुछ ताकतें राज्य के लोगों को बांटने की कोशिश कर रही
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ ताकतें पश्चिम बंगाल के लोगों को बांटने और अपमानित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मैं आपको वचन देती हूं कि जब तक मैं सांस ले रही हूं, इस धरती और इसके लोगों को कोई नुकसान नहीं होने दूंगी। मैं आखिरी दम तक बंगाल और यहां के हर व्यक्ति की रक्षा के लिए लड़ूंगी।
सभी लोगों को एकजुट होने की अपील
ममता ने सभी जाति, धर्म, वर्ग और समुदाय के लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि वे बांग्ला-विरोधी जमींदारों के खिलाफ एक मजबूत दीवार बनकर खड़े हों। उन्होंने कहा कि जो लोग राज्य को बदनाम करने, लोकतांत्रिक अधिकार छीनने और जनता का शोषण करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें हराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के टीएमसी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करने की अपील की। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होने हैं, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इस बार राज्य में मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है, जहां टीएमसी चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, वहीं भाजपा पिछले चुनावों में मजबूत प्रदर्शन के बाद पहली बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।