लेटेस्ट न्यूज़
20 Apr 2026, Mon

क्या आठ घंटे की शिफ्ट मामले में अलग-अलग है दीपिका और रणवीर सिंह की राय? ‘धुरंधर’ एक्टर ने कही थी ये बात

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह एक बिटिया दुआ के माता-पिता हैं। मां बनने के बाद दीपिका पादुकोण ने सिनेमा में आठ घंटे की शिफ्ट की मांग की थी। इस बात से असहमति बनने पर उन्हें कुछ फिल्मों से भी हाथ धोना पड़ा। साथ ही इंडस्ट्री में आठ घंटे वर्किंग शिफ्ट मुद्दे पर बहस छिड़ गई थी। एक बार फिर यह मुद्दा गरमा गया है। हाल ही में सांसद-एक्ट्रेस कंगना रनौत ने दीपिका पादुकोण का सपोर्ट किया। दीपिका जहां बेबाकी से आठ घंटे शिफ्ट होने की बात करती हैं, वहीं रणवीर की राय इस मामले में अलग है।
क्या अलग-अलग है दीपिका और रणवीर की राय?
बता दें कि दीपिका पादुकोण ने मां बनने के बाद आठ घंटे की शिफ्ट को लेकर कहा था कि इंडस्ट्री में आठ घंटे से ज्यादा काम करने को प्रतिबद्धता मान लिया गया है। वहीं, इस मुद्दे पर कंगना रनौत ने हालिया इंटरव्यू में एक्ट्रेस दीपिका का सपोर्ट किया। इसके बाद इंडस्ट्री में दोबारा आठ घंटों की शिफ्ट को लेकर बहस छिड़ गई है। तमाम लोग दीपिका के पक्ष में बोले। मगर, रणवीर इस मामले में अलग राय रखते हैं। दीपिका पादुकोण जहां आठ घंटे की शिफ्ट को मेंटल और फिजिकल हेल्थ से जोड़कर देखती हैं, वहीं रणवीर सिंह के लिए काम ही सब कुछ है।
रणवीर सिंह ने ‘धुरंधर’ में बिना ब्रेक काम किया
रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने इस फिल्म में लगातार बिना ब्रेक लिए काम किया था। जिसका खुलासा, वे कई पोस्ट में कर चुके हैं। निर्देशक आदित्य धर ने भी खुद बताया था कि रणवीर सिंह सहित पूरी टीम ने 16-18 घंटे काम किया था। वहीं अभिनेता रणवीर सिंह ने एक पुराने इंटरव्यू में भी खुलासा किया था कि उनकी वजह से उनके बाकी को-स्टार को भी परेशानी होती थी, क्योंकि वे आठ घंटे की शिफ्ट पर यकीन नहीं करते।
क्या मानना है रणवीर सिंह का?
रणवीर सिंह ने कहा था, ‘हिंदी सिनेमा में या एक फिल्म को बनाने में आठ घंटे में काम कर पाना बहुत मुश्किल है, तो थोड़ा ज्यादा कर लो शूटिंग, क्योंकि मैं काम को ‘ट्रांजेक्शन’ या सिर्फ एक लेन-देन के रूप में नहीं देखता’। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि ‘मेरे को-स्टार भी मुझसे परेशान हैं, क्योंकि उनको लगता है कि मेरी वजह से उन्हें भी शिफ्ट से ज्यादा काम करना पड़ेगा और मैं सिनेमा के शिफ्ट स्टैंडर्ड को खराब कर रहा हूं, लेकिन अगर जो चीज हमें सीन के लिए चाहिए, अगर वह आठ घंटे में नहीं निकली तो क्या हुआ? थोड़ा सा और कर लो शूटिंग’। यहां यह स्पष्ट कर देना जरूरी है कि रणवीर सिंह का यह बयान दीपिका पादुकोण के बयान से पहले आया था, जब दोनों साथ में कई फिल्में कर रहे थे।
दीपिका ने ठुकरा दी थी ‘स्पिरिट’
बता दें कि दीपिका पादुकोण ने जब आठ घंटे की शिफ्ट पर बात रखी थी तो उनके बयान का बहुत सारे सिलेब्स ने सपोर्ट किया। हालांकि, रणवीर सिंह ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा और फराह खान जैसे निर्देशकों ने जमकर विरोध किया। यही कारण था कि दीपिका पादुकोण ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ को ठुकरा दिया था। इसके बाद दीपिका वाला रोल तृप्ति डिमरी की झोली में गया।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।