मुंबई। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की थिएटर रिलीज से पहले एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने फिल्म के साउंडट्रैक का पहला गाना ‘दो नंबरी’ जारी कर दिया है। इस हाई-एनर्जी ट्रैक को हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय कलाकार धांडा न्योलीवाला ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। इसी गाने के साथ उन्होंने बॉलीवुड में अपना बहुप्रतीक्षित डेब्यू भी किया है।
‘दो नंबरी’ एक्सेल एंटरटेनमेंट के नए लॉन्च हुए म्यूजिक लेबल एक्सेल म्यूजिक का भी पहला आधिकारिक रिलीज है। अपने चार्टबस्टर गानों, दमदार स्टेज परफॉर्मेंस और अनोखे अंदाज के लिए मशहूर धांडा न्योलीवाला के करोड़ों प्रशंसक हैं। अब वे अपने सिग्नेचर हरियाणवी स्टाइल के साथ देश की सबसे चर्चित एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ का हिस्सा बन गए हैं।
हरियाणवी बीट्स और जोश से भरपूर यह गाना ‘मिर्जापुर’ की बेबाक और दमदार दुनिया की झलक पेश करता है। माना जा रहा है कि फिल्म की रिलीज से पहले यह ट्रैक दर्शकों के बीच इसके उत्साह को और बढ़ाएगा।
फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ दर्शकों को एक बार फिर सीजन-1 की दुनिया में ले जाएगी। बड़े पर्दे पर पहली बार गुड्डू पंडित (अली फजल), मुन्ना भैया (दिव्येंदु) और कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) जैसे लोकप्रिय किरदारों की वापसी होगी।
फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं।
यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।

