लेटेस्ट न्यूज़
20 Apr 2026, Mon

एलपीजी और कच्चे तेल पर सरकार का बड़ा अपडेट, देश में एलपीजी और कच्चे तेल की कोई कमी नहीं

देश में एलपीजी और कच्चे तेल की उपलब्धता को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी तरह की कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है और घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
सरकार के मुताबिक, देशभर में एलपीजी वितरण पूरी तरह सुचारु है। किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हाल ही में एक दिन में करीब 50 लाख सिलेंडर की बुकिंग दर्ज की गई, जबकि डिलीवरी दर लगभग 93% रही। उन्होंने बताया कि 98% बुकिंग अब ऑनलाइन हो रही है, जिससे प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी है। हालांकि, गर्मी के मौसम की वजह से बुकिंग में हल्की गिरावट आई है और यह आंकड़ा अब करीब 45-46 लाख सिलेंडर तक आ गया है।
नए कनेक्शन और सख्त कार्रवाई
मार्च 2026 से अब तक करीब 4.68 लाख नए PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाले 255 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स पर जुर्माना लगाया गया है, जबकि 55 को निलंबित किया गया है। 23 मार्च के बाद से अब तक 16.5 लाख से ज्यादा छोटे (5 किलो) सिलेंडर भी बेचे जा चुके हैं।
बंदरगाह और सप्लाई चेन पर अपडेट
शिपिंग मंत्रालय की ओर से मुकेश मंगल ने बताया कि देश के सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी भीड़भाड़ की स्थिति नहीं है। इससे सप्लाई चेन पर कोई असर नहीं पड़ा है।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और यात्रियों की स्थिति
विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव असीम आर महाजन ने जानकारी दी कि 28 फरवरी से अब तक करीब 10.38 लाख यात्री भारत लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि यूएई से भारत के लिए करीब 100 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। वहीं सऊदी अरब, ओमान और कुवैत से भी नियमित उड़ानें जारी हैं। कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, जहां से सीमित उड़ानें चल रही हैं। बहरीन से भी जल्द सीमित फ्लाइट्स शुरू होने की योजना है।
कुल मिलाकर स्थिति नियंत्रण में
सरकार का कहना है कि एलपीजी, कच्चे तेल, बंदरगाह संचालन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।