‘बहुत दर्दनाक है, वो विजुअल्स दिमाग से जा नहीं रहे’, पहलगाम आतंकी हमले पर बोले राजकुमार राव

अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भूल चूक माफ’ को लेकर व्यस्त हैं। आज सोमवार को वे फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने फिल्म को लेकर तमाम बातें शेयर की हैं। इसके अलावा हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर भी प्रतिक्रिया दी। एक्टर से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक है।
‘बहुत ही ज्यादा गुस्सा है, बहुत दुखदाई है’
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान एक्टर से पूछा गया कि पहलगाम में आतंकी हमलों की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। हर तरफ आक्रोश है। आपका क्या कहना है? इस पर राजकुमार राव ने कहा, ‘बहुत ही ज्यादा गुस्सा है। यह घटना बहुत ही दुखदाई है। वो विजुअल्स दिमाग से जा नहीं रहे हैं। वहां से वीडियो और फोटोज आ रहे हैं, जो देखे हैं। यह घटना बहुत अफसोसजनक है, ऐसा किसी के साथ न हो’।
बोले- ‘मुश्किल है इस तकलीफ से उबर पाना’
एक्टर ने आगे कहा, ‘इस हादसे में जान गंवाने वालों को मेरी श्रद्धांजलि। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार को हिम्मत मिले की इस दुख से बाहर आ पाएं। बहुत मुश्किल है इस तकलीफ से उबर पाना। मैं प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे किसी तरह इससे बाहर आ पाएं’। बता दें कि पहलगाम के आतंकी हमले की घटना में 26 पर्यटकों की जान चली गई।
कब रिलीज होगी ‘भूल चूक माफ’?
राजकुमार राव की फिल्म ‘भूल चूक माफ’ की बात करें तो यह 09 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें राजकुमार के साथ वामिका गब्बी नजर आएंगी। यह फिल्म टाइम लूप कॉन्सेप्ट पर बनी है। करण शर्मा ने इस फिल्म को निर्देशित किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here