लेटेस्ट न्यूज़
16 Aug 2026, Sun

देशभक्ति के रंग में रंगा जश्न! स्वास्थ्य, संस्कृति और संगीत के संग दिखा आज़ादी का अनूठा उत्सव

लखनऊ : : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैक्स हॉस्पिटल, लखनऊ में देशभक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, भारतीय संस्कृति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। मैक्स हॉस्पिटल, खुशी फॉउण्डेशन, यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की शान-ए-अवध इकाई तथा सारेगामापा स्टार्स – “मन से मंच तक” के संयुक्त तत्वावधान में भव्य स्वतंत्रता दिवस एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना, स्वागत गीत और देशभक्ति प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि रंजन कुमार, प्रमुख सचिव (आयुष मंत्रालय) का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर स्वास्थ्य और संगीत को एक मंच पर जोड़ना एक अभिनव पहल है।

देशभक्ति के साथ स्वास्थ्य का संदेश : कार्यक्रम में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। डॉ. अवधेश द्विवेदी और डॉ. विनीता द्विवेदी ने बीएलएस एवं सीपीआर के प्रति जागरूक किया। वहीं मैक्स हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अपूर्व कुमार अग्रवाल ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हेल्थ टिप्स प्रस्तुति के माध्यम से साझा किए।

सारेगामापा स्टार्स की प्रस्तुतियों ने जीता दिल : कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारेगामापा स्टार्स के कलाकारों की शानदार गायन एवं वादन प्रस्तुतियां रहीं। पंकज श्रीवास्तव के संचालन में गोपेन्द्र कुमार वर्मा, पूनम त्रिपाठी, अरशद आज़म, श्याम भारद्वाज, अमित अरोड़ा, डॉ. प्रणव श्रीवास्तव, प्रीति वर्मा, अर्चना गुप्ता, अरुण श्रीवास्तव और रचना पांडेय ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गोपेन्द्र कुमार वर्मा ने “सावन का महीना पावन करे” और “किसी की मुस्कुराहटों पे हो निसार”, पूनम त्रिपाठी ने “हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए”, अरशद आज़म ने “आने से उसके आए बहार”, जबकि श्याम भारद्वाज ने “आ चल के तुझे मैं ले के चलूँ” जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।

डॉ. प्रणव श्रीवास्तव ने “ऐ सजना बरखा बहार आई” से समां बांधा। प्रीति वर्मा की भक्तिमय प्रस्तुति “अच्युतम केशवम्…” ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग दिया। अर्चना गुप्ता ने “तू जहाँ-जहाँ चलेगा”, रचना पांडेय ने देशभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” और अरुण श्रीवास्तव ने “तेरी आँखें झुकी-झुकी” प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

बाल प्रतिभाओं ने बटोरीं खूब तालियां : गणेश वंदना पर शास्त्रीय नृत्यांगना पीहू द्विवेदी ने मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में 11 वर्षीय बाल प्रतिभा वाची सिंह की गायन प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

वहीं 10 वर्षीय राजवीर सक्सेना ने बांसुरी पर “राम आएंगे” की मधुर धुन प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और जमकर तालियां बटोरीं।

कलाकारों और सहयोगियों का सम्मान : कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियों के साथ कलाकारों, प्रतिभागियों और आरसहयोगियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आशुतोष अग्रवाल, नवीन गर्ग, वाई.पी.एस. भल्ला, चंद्रभूषण अग्रवाल, मीनाक्षी, तृष, संजय श्रीवास्तव, पूर्णिमा श्रीवास्तव, नवीन कुमार वर्मा, रश्मि वर्मा, सचिन सिंह, डॉ. प्रशांत गुप्ता, अभिज्ञान विक्रम सिंह, उत्कर्ष विराज, अर्चना गुप्ता, रचना पांडेय, विकास रस्तोगी, आकाश त्रिपाठी, रुद्राक्ष त्रिपाठी, वाची सिंह, सुनील कुमार सिंह, प्रीती यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैक्स हॉस्पिटल की ओर से सुमन घोष एवं आशीष शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

आयोजकों ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए देशभक्ति, बेहतर स्वास्थ्य, भारतीय सांस्कृतिक चेतना, संगीत और सामाजिक एकता का सकारात्मक संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे स्वतंत्रता दिवस का यादगार और सार्थक उत्सव बताया।