लेटेस्ट न्यूज़
24 Aug 2026, Mon

सीएम योगी से पूनम ने कहा- ‘गोपालन कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हूं’, सीएम बोले- मन से गोसेवा करें, दूर होंगी बाधाएं

लखनऊ। सीतापुर के हरगांव स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई और अतिरिक्त गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

पूनम देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। उनका कहना था कि अतिरिक्त गाय मिलने से वह दूध बेचकर परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकेंगी। इस पर सीएम योगी ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दिलाने के भी निर्देश दिए।

‘मन से गोसेवा करें, बाधाएं और कष्ट दूर होंगे’

मुख्यमंत्री ने पूनम की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने पूनम से मन लगाकर गोसेवा करने को कहा और कहा कि गोसेवा से जीवन की बाधाएं और कष्ट दूर होते हैं। पूनम ने श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी करने की दिशा में मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

दिव्यांग ने की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत

जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री से की। सीएम योगी ने मामले की जांच कराकर पीड़ित को यथासंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।