बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी निजी जिंदगी की खूबसूरत झलक दिखाई। वीडियो में उनका एक तरफ स्नेहिल मां का रूप नजर आता है, तो दूसरी ओर दोस्तों के साथ मस्ती करती उनकी बेफिक्र अंदाज भी देखने को मिलता है। प्रियंका के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है।
वीडियो की शुरुआत एक भावुक पल से होती है, जिसमें प्रियंका अपनी बेटी मालती मैरी को देवी दुर्गा को समर्पित ‘सर्व मंगल मांगल्ये’ मंत्र सिखाती दिखाई देती हैं। मां-बेटी का यह प्यारा पल फैंस का दिल जीत रहा है और प्रियंका के संवेदनशील व पारिवारिक पक्ष को दर्शाता है।
वीडियो के अगले हिस्से में माहौल पूरी तरह बदल जाता है। यहां 44 वर्षीय अभिनेत्री अपने दोस्तों के साथ डांस और मस्ती करती नजर आती हैं। इस अंदाज में उनका आत्मविश्वास और चुलबुलापन साफ झलकता है। दोनों रूपों को एक ही वीडियो में दिखाकर प्रियंका ने यह संदेश दिया कि वह परिवार और निजी जिंदगी के साथ-साथ अपने खुशहाल पलों का भी पूरा आनंद लेना जानती हैं।
फैंस ने की जमकर तारीफ
प्रियंका के इस वीडियो पर फैंस ने खूब प्यार बरसाया। अभिनेत्री नेहा मलिक ने कमेंट करते हुए लिखा, “क्यूट मामा, क्यूट मामासिटा।” वहीं एक यूजर ने लिखा, “देसी गर्ल से देसी मां तक का सफर शानदार है।” एक अन्य प्रशंसक ने टिप्पणी की, “आप पर गर्व है, आप कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं।” जबकि एक और यूजर ने लिखा, “आप दोनों ही रूपों में बेहद शानदार लगती हैं।”
हैदराबाद में फिर शुरू की शूटिंग
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा ने निर्देशक एस.एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग दोबारा शुरू कर दी है। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 7 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

