भारतीय सेना में इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए 350 पदों पर भर्ती, 7 अगस्त तक करें आवेदन

नई दिल्ली। भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहे इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स के लिए शानदार अवसर है। इंडियन आर्मी ने 68वें शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) टेक्निकल कोर्स के तहत अविवाहित पुरुष इंजीनियरिंग स्नातकों से 350 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग अकादमी (PCTA) में शुरू होगा।

350 पदों पर होगी भर्ती

जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 350 रिक्तियों में सिविल इंजीनियरिंग के 75, कंप्यूटर साइंस के 60, इलेक्ट्रिकल के 33, इलेक्ट्रॉनिक्स के 64, मैकेनिकल के 101 और अन्य इंजीनियरिंग शाखाओं के 17 पद शामिल हैं।

7 अगस्त आवेदन की अंतिम तिथि

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो चुकी है और 7 अगस्त आवेदन करने की अंतिम तिथि है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन समय रहते पूरा कर लें।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में इंजीनियरिंग की डिग्री होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 20 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

ऐसे होगा चयन

उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।

ट्रेनिंग के दौरान मिलेगा स्टाइपेंड

चयनित उम्मीदवारों का प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक कुल 49 सप्ताह का होगा। प्रशिक्षण के दौरान 56,100 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा। शुरुआती वार्षिक सीटीसी लगभग 17 से 18 लाख रुपये होगी। इसके अलावा सेना के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले भर्ती, पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए भारतीय सेना द्वारा जारी विस्तृत आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular