लेटेस्ट न्यूज़
3 Aug 2026, Mon

बॉक्स ऑफिस पर स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे का जलवा, दो दिन में 100 करोड़ क्लब में शामिल; भाई तेरा स्टार है रही फीकी

सिनेमाघरों में इस सप्ताह हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे का दबदबा देखने को मिल रहा है। टॉम हॉलैंड अभिनीत इस सुपरहीरो फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महज दो दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दूसरी ओर बॉलीवुड फिल्म भाई तेरा स्टार है दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। वहीं तमिल फिल्म जन नायकन और हॉलीवुड फिल्म द ओडिसी ने भी बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन जारी रखा है।
स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे ने दूसरे दिन 49.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इससे पहले पहले दिन फिल्म ने 60.60 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग दर्ज की थी। दो दिनों में फिल्म की कुल कमाई 109.95 करोड़ रुपये पहुंच गई है। डेस्टिन डेनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में टॉम हॉलैंड एक बार फिर लोकप्रिय सुपरहीरो स्पाइडर-मैन की भूमिका निभा रहे हैं। भारत में यह फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में प्रदर्शित की गई है, जिसका लाभ इसे विभिन्न क्षेत्रों से मिल रहा है।
वहीं बॉलीवुड फिल्म भाई तेरा स्टार है बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। राघव जुयाल अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन 25 लाख रुपये का कारोबार किया। पहले दिन भी फिल्म की कमाई 25 लाख रुपये रही थी। इस तरह दो दिनों में इसका कुल संग्रह केवल 50 लाख रुपये तक पहुंच पाया है। विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे की जबरदस्त लोकप्रियता के सामने टिक नहीं सकी।
उधर, तमिल अभिनेता और मुख्यमंत्री विजय की बताई जा रही अंतिम फिल्म जन नायकन का प्रदर्शन भी मजबूत बना हुआ है। फिल्म ने रिलीज के नौवें दिन 3.55 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे एक दिन पहले इसका कारोबार 3.98 करोड़ रुपये रहा था। अब तक फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस संग्रह 157.10 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म को सबसे अधिक सफलता तमिलनाडु में मिल रही है, जहां दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है।
हॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म द ओडिसी भी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है। रिलीज के पंद्रहवें दिन फिल्म ने 3.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि चौदहवें दिन इसकी कमाई 2.75 करोड़ रुपये रही थी। इसके साथ ही फिल्म का कुल संग्रह 138.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और एनी हैथवे मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म कारोबार के जानकारों का मानना है कि आने वाले सप्ताहांत में स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे की कमाई में और तेजी आ सकती है। वहीं अन्य फिल्मों के सामने इस हॉलीवुड फिल्म की लोकप्रियता बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर सुपरहीरो फिल्म का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है, जबकि क्षेत्रीय और अन्य हिंदी फिल्मों को दर्शकों का सीमित समर्थन मिल रहा है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।