नई दिल्ली। राजधानी में लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताओं के बीच दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा को बढ़ाकर जेड कैटेगरी कर दी गई है। ये फैसला विधानसभा सचिवालय को लगातार मिल रही बम धमकियों व हाल ही में हुए एक बड़े सुरक्षा उल्लंघन के बाद लिया गया है।
पिछले कुछ दिनों में दिल्ली विधानसभा सचिवालय और स्पीकर कार्यालय को आधिकारिक माध्यमों के जरिए करीब 6 से 7 धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इन ई-मेल्स में विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। 14 अप्रैल को भी अध्यक्ष को इसी तरह की धमकी मिली थी। इस गंभीर मामले को लेकर उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पूरे मामले की जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में एक अज्ञात व्यक्ति विधानसभा परिसर के गेट तक पहुंचने में सफल रहा। उसने स्पीकर की गाड़ी में संदिग्ध वस्तु रख दी। हालांकि समय रहते इस घटना को नियंत्रित कर लिया गया था। लेकिन इसने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए।
इन घटनाओं के बाद अब स्पीकर को जेड कैटेगरी सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके तहत उन्हें 24 घंटे सुरक्षा देने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो तैनात किए गए हैं। उनके काफिले के साथ हर समय एक एस्कॉर्ट वाहन भी रहेगा, जो सुरक्षा घेरा मजबूत करेगा। पूरी व्यवस्था की निगरानी एक समर्पित प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में की जाएगी।
सिर्फ स्पीकर ही नहीं बल्कि पूरे विधानसभा परिसर की सुरक्षा को भी नए सिरे से मजबूत किया जा रहा है। सभी प्रवेश द्वारों पर ऑटोमेटेड बूम बैरियर लगाए जा रहे हैं, जिससे हर व्यक्ति व वाहन की सख्ती से जांच हो सके। इसके अलावा परिसर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की क्विक रेस्पॉन्स टीम को वाहन के साथ तैनात किया गया है, जो लगातार पेट्रोलिंग कर किसी भी संभावित खतरे से तुरंत निपट सके।
लगातार धमकियों के बीच सख्त कदम: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को मिली जेड कैटेगरी सुरक्षा

