जी5 ने अपनी ओरिजनल फिल्म घमासान का ऐलान किया है, जिसमें प्रतीक गांधी मुख्य किरदार में हैं। तिग्मांशु धूलिया द्वारा निर्देशित इस क्राइम एक्शन-ड्रामा में अरशद वारसी खलनायक महाराज के किरदार में नजर आए हैं। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियो और गोल्डन रेशियो फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। इसकी कहानी मध्य भारत के बीहड़ों की पृष्ठभूमि पर आधारित एक ईमानदार आईपीएस अधिकारी (प्रतीक) और खूंखार डाकू सरगना (अरशद) के बीच आपसी टकराव पर आधारित है।
इसका टीजर राजनीति, जातिगत समीकरण, अपराध, डर और सत्ता के दबदबे की झलक प्रस्तुत करता है। इसमें कानून और अपराध के बीच की सीधी टक्कर दिखाई गई है।
निर्माताओं ने इसे जारी करते हुए कैप्शन दिया, जब कानून डर से शासित भूमि में प्रवेश करता है, तो केवल एक ही पक्ष बचता है। घमासान। जल्द ही जी5 पर आ रही है।
फिल्म में राजपाल यादव और इशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं। रिलीज तारीख का ऐलान होना बाकी है।

