सामंथा रुथ के लिए गाइड का काम करती है ये कविता, अर्जुन कपूर बोले- मेरे लिए भी मददगार साबित हुई

आम इंसान हो या खास, उतार-चढ़ाव सभी की जिंदगी में आते हैं। मुश्किल वक्त का सामना सभी अपने-अपने अंदाज में करते हैं और प्रेरणा लेते हैं। अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने अपने हालिया पोस्ट के जरिए बताया कि एक कविता उनके लिए हमेशा मददगार साबित होती है। यह कविता दरअसल, ब्रिटिश लेखक-कवि रुडयार्ड किपलिंग द्वारा लिखी हैं। सामंथा के पोस्ट पर अर्जुन कपूर ने कमेंट कर बताया कि इसका प्रिंट उनके घर में भी लगा है।
सामंथा के लिए गाइडिंग लाइट है ये कविता
सामंथा रुथ प्रभु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है। इसमें द जंगल बुक के लेखक रुडयार्ड किपलिंग की कविता ‘इफ’ की लाइनें लिखी हैं। इसके साथ सामंथा रुथ प्रभु ने कैप्शन में लिखा है, ‘यह कविता हमेशा मेरे लिए किसी गाइड की तरह रही है। यह मेरी गाइडिंग लाइट है। मैं आज इसे आप सभी के साथ साझा कर रही हूं’।
अर्जुन कपूर ने दी प्रतिक्रिया
अभिनेता अर्जुन कपूर ने इस पर प्रतिक्रिया दी। अर्जुन कपूर ने इस पोस्ट पर कमेंट कर लिखा, ‘इस कविता का प्रिंट मैंने भी अपनी दीवार पर लगा रखा है। जिन दिनों मुझे प्रेरणा लेने की बहुत ज्यादा जरूरत थी, उन दिनों इस कविता ने मेरी बहुत मदद की’। अर्जुन कपूर के वर्क फ्रंट की बात करें तो इन दिनों वे सिनेमाघरों में लगी रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आ रहे हैं। उन्होंने डेंजर लंका का रोल अदा किया है।
यूजर्स ने किया सपोर्ट
सामंथा रुथ प्रभु हाल ही में वेब सीरीज ‘सिटाडेल हनी बनी’ में वरुण धवन के साथ नजर आईं। सीरीज इसी महीने प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई। फिलहाल अभिनेत्री के इस पोस्ट पर यूजर्स उनसे तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘पुष्पा 2 में आइटम नंबर करने का मौका नहीं मिला, क्या इसका दुख है?’ वहीं, तमाम लोग उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। यूजर्स लिख रहे हैं, ‘हमारे लिए आपके पोस्ट प्रेरणा देने वाले होते हैं’। एक यूजर ने लिखा, ‘आप मजबूत हैं, इसी तरह मजबूत रहिए’।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here