वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पसंदीदा और मशहूर देशभक्ति गीत ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ के सिंगर ली ग्रीनवुड की पत्नी किम्बर्ली ग्रीनवुड को बारबाडोस और पूर्वी कैरेबियाई देशों के लिए अमेरिकी राजदूत के पद के लिए नामित किया है। ट्रंप प्रशासन ने किम्बर्ली के अलावा और भी कई अन्य राजदूत पदों के लिए नामित लोगों की लिस्ट अमेरिकी सीनेट के पास भेजी है। किम्बर्ली ग्रीनवुड की नियुक्ति के लिए अब सीनेट की मंजूरी जरूरी होगी। अगर अमेरिकी सीनेट से मंजूरी मिल जाती है, तो किम्बर्ली बारबाडोस के साथ-साथ सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, एंटीगुआ और बारबुडा, डोमिनिका, ग्रेनेडा, और सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस जैसे कैरेबियाई देशों में एक साथ अमेरिकी राजदूत के रूप में सेवाएं देंगी। सोमवार को, किम्बर्ली ग्रीनवुड ने इंस्टाग्राम पर अपने पति ली ग्रीनवुड और ट्रंप के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की और राष्ट्रपति को नामांकन के लिए धन्यवाद दिया।उन्होंने लिखा ‘राष्ट्रपति महोदय, मुझ पर विश्वास करने और मुझे सेवा करने का यह असाधारण अवसर सौंपने के लिए धन्यवाद’। किम्बर्ली के पति ली ग्रीनवुड डोनाल्ड ट्रंप के पसंदीदा गायकों में से एक हैं। उनका मशहूर देशभक्ति गीत सालों से राजनीतिक कार्यक्रमों में ट्रंप का पसंदीदा गीत रहा है। ट्रंप ने ली ग्रीनवुड के साथ व्यापार भी शुरू किया था और उनके साथ मिलकर ‘गॉड ब्लेस द यूएसए बाइबल’ की बिक्री भी की है, जिसकी कीमत 59।99 डॉलर रखी गई थी। ली ग्रीनवुड, ट्रंप के सबसे मुखर समर्थकों में से एक हैं। उनका गाना ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ सालों से ट्रंप की राजनीतिक रैलियों और कार्यक्रमों में मंच पर एंट्री करने का मुख्य थीम सॉन्ग रहा है।
किम्बर्ली ने ट्रंप के साथ 18 साल तक किया काम
किम्बर्ली ग्रीनवुड पहले ‘मिस टेनेसी यूएसए’ रह चुकी हैं। उन्होंने लगभग 18 सालों तक डोनाल्ड ट्रंप के साथ काम किया था, जब ट्रंप ‘मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन’ के मालिक थे और किम्बर्ली स्टेट पेजेंट्स (सौंदर्य प्रतियोगिताओं) का निर्देशन संभालती थीं। अपनी पत्नी और उनके नामांकन की प्रशंसा करते हुए, ली ग्रीनवुड ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि उनकी पत्नी ने ट्रंप के साथ 18 सालों तक काम किया था, जब राष्ट्रपति मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के मालिक थे और किम्बर्ली ग्रीनवुड राज्य स्तरीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं का निर्देशन करती थीं।
बारबाडोस के साथ अन्य देशों की भी जिम्मेदारी
अगर सीनेट से मंजूरी मिलती है तो किम्बर्ली ग्रीनवुड बारबाडोस में अमेरिकी राजदूत के साथ-साथ कई अन्य कैरेबियाई देशों में भी अमेरिकी राजदूत की जिम्मेदारी संभालेंगी। इनमें सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, एंटीगुआ एंड बारबुडा, डोमिनिका, ग्रेनाडा और सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइंस शामिल हैं। इन अतिरिक्त जिम्मेदारियों के लिए उन्हें अलग से कोई वेतन नहीं मिलेगा।
समर्थकों और करीबियों को नामित करने की परंपरा
अमेरिकी प्रशासन में राष्ट्रपतियों द्वारा अपने प्रमुख समर्थकों और करीबियों को राजदूत के पदों पर नामित करने की परंपरा काफी पुरानी रही है, और यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी सिएटल के प्रमुख कारोबारी और डेमोक्रेटिक पार्टी के दानदाता रोजर नायहस को बारबाडोस और पूर्वी कैरेबियाई देशों के लिए राजदूत नियुक्त किया था। हालांकि, राजनीतिक नियुक्तियां आम तौर पर अमेरिकी विदेश नीति पर बहुत बड़ा प्रभाव नहीं डालतीं, लेकिन कई बार ऐसे राजदूत राष्ट्रपति के लिए मुश्किलें भी खड़ी कर चुके हैं।


