लेटेस्ट न्यूज़
6 Aug 2026, Thu

भारत में नौकरी के लिए सबसे पसंदीदा कंपनियां कौन-सी? रैंडस्टैड की 2026 रिपोर्ट में गूगल नंबर-1

नई दिल्ली। बेहतर वेतन, करियर ग्रोथ और संतुलित कार्य संस्कृति की तलाश हर नौकरीपेशा व्यक्ति की प्राथमिकता होती है। ऐसे में रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च 2026 की ताजा रिपोर्ट ने भारत में काम करने के लिए सबसे पसंदीदा कंपनियों की सूची जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल लगातार कर्मचारियों की पहली पसंद बनी हुई है। इसके बाद टाटा ग्रुप और अमेजन का स्थान है।

यह सर्वे दुनिया के 34 बाजारों में करीब 1.75 लाख लोगों की राय पर आधारित है। भारत में भी 3,500 कर्मचारियों ने इसमें हिस्सा लिया। रिपोर्ट के अनुसार, कार्यस्थल को लेकर कर्मचारियों की प्राथमिकताएं तेजी से बदल रही हैं और पूरी तरह रिमोट वर्क की जगह अब हाइब्रिड वर्क मॉडल नई सामान्य व्यवस्था बनता जा रहा है।

वर्क-लाइफ बैलेंस बना सबसे बड़ा कारण

रिपोर्ट में सामने आया कि अब कर्मचारी केवल अधिक वेतन के लिए नौकरी नहीं बदल रहे हैं। 49% कर्मचारी खराब वर्क-लाइफ बैलेंस के कारण नौकरी छोड़ने का फैसला करते हैं। वहीं 42% लोग करियर में आगे बढ़ने के अवसरों की कमी और 41% कर्मचारी कम वेतन की वजह से इस्तीफा देते हैं।

आयु वर्ग के आधार पर देखें तो 43% मिलेनियल्स, 42% जेन-ज़ेड और 39% जेन-एक्स कर्मचारी करियर ग्रोथ नहीं मिलने पर नई नौकरी की तलाश शुरू कर देते हैं।

सिर्फ सैलरी नहीं, बेहतर माहौल भी जरूरी

रैंडस्टैड इंडिया के प्रबंध निदेशक नारायण अय्यर के अनुसार, अब कर्मचारी किसी कंपनी का मूल्यांकन केवल वेतन या सुविधाओं के आधार पर नहीं करते। वे ऐसा कार्यस्थल चाहते हैं, जहां पेशेवर विकास, सम्मान, पारदर्शिता और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन मिल सके।

रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग आधे कर्मचारी अगले छह महीनों में नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। इसके अलावा 47% कर्मचारी समय पर वेतन के साथ करियर की सुरक्षा और काम की सराहना को भी उतना ही महत्वपूर्ण मानते हैं, जबकि 46% कर्मचारी संगठन के भीतर पारदर्शी संवाद चाहते हैं।

डिजिटल सेक्टर के कर्मचारियों की अलग प्राथमिकताएं

तकनीकी और डिजिटल क्षेत्र के कर्मचारियों की प्राथमिकताएं अन्य क्षेत्रों से अलग हैं। इस वर्ग के 73% कर्मचारियों के लिए आकर्षक वेतन सबसे महत्वपूर्ण है, जबकि 55% कर्मचारी करियर ग्रोथ नहीं मिलने पर नौकरी छोड़ने का निर्णय लेते हैं। यह प्रतिशत अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक है।

भारत की टॉप 10 पसंदीदा कंपनियां

रैंडस्टैड एम्प्लॉयर ब्रांड रिसर्च 2026 के अनुसार भारत में काम करने के लिए सबसे पसंदीदा कंपनियां हैं—

Google
Tata Group
Amazon
Samsung India
Infosys
Reliance Industries
ITC Group
Hindustan Unilever
Mahindra & Mahindra
Dell Technologies

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।