अहमदाबाद विमान हादसा: जांच रिपोर्ट पर पायलट्स एसोसिएशन का निशाना, कहा- ये सिर्फ अनुमान

नई दिल्ली। अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया AI 171 विमान हादसे की शुरुआती रिपोर्ट हाल ही में सामने आई है। इस रिपोर्ट की लगातार आलोचना हो रही है। अब, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन (IFALPA) ने रिपोर्ट सामने आने के बाद प्लेन क्रैश को लेकर “जल्दबाजी में निष्कर्ष” निकालने के खिलाफ चेतावनी दी है।
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एयर लाइन पायलट्स एसोसिएशन (आईएफएएलपीए) ने एयर इंडिया फ्लाइट 171 दुर्घटना के संबंध में भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की प्रारंभिक रिपोर्ट से “अनुमान लगाने, अटकलें लगाने और निष्कर्ष निकालने” के खिलाफ चेतावनी दी है।
IFALPA ने बयान में कहा गया है कि जल्दबाजी में रिपोर्ट से निष्कर्ष निकालने को लेकर हम आगाह करते हैं, साथ ही याद दिलाते हैं कि शुरुआती रिपोर्ट जांच के शुरुआती चरणों का डेटा है, जिसमें तथ्यात्मक जानकारी और जांच की प्रगति का संकेत होता है।
बयान में आगे कहा गया, ऐसी रिपोर्टें घटना के 30 दिनों के अंदर पब्लिश की जाती हैं। हालांकि, यह शुरुआती रिपोर्ट कई सवाल उठाती है। मगर उन सवालों के जवाब सामने नहीं रखती है। इसका कोई भी अनुमान सिर्फ अनुमान ही माना जा सकता है, जो जांच के सुचारू संचालन के लिए मददगार नहीं है।
AAIB की रिपोर्ट की हो रही आलोचना
IFALPA का यह बयान तब आया है जब 14 जुलाई को इंडिया पायलटों के संगठन इंडियन पायलट्स गिल्ड ने रिपोर्ट की शब्दावली की आलोचना की थी। इसमें कहा गया था कि एआई171 का चालक दल एक संपूर्ण, “तथ्य-आधारित जांच” का हकदार है, न कि अनुमान या सनसनीखेज जांच का।
AAIB ने रिपोर्ट में क्या कहा?
12 जून को हुई इस दुर्घटना पर अपनी शुरुआती रिपोर्ट में एएआईबी ने कहा, उड़ान भरने के तुरंत बाद 1 सेकंड के अंदर इंजन के फ्यूल स्विच बंद हो गए थे, जिससे एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 171 के कॉकपिट में पायलटों के बीच कंफ्यूजन पैदा हो गई। कॉकपिट की वॉयस रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए, शनिवार को जारी 15 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि एक पायलट ने पूछा कि स्विच क्यों बंद हुआ, तो दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया। इसी के बाद फौरन ही स्विच को फिर से रन किया गया।
क्रैश में कई लोगों की हुई मौत
अहमदाबाद में 12 जून को एयर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट क्रैश हो गई। यह विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकेंड बाद क्रैश हो गया। विमान में इतना भयानक विस्फोट हुआ कि फ्लाइट में सवार 242 लोगों में से सिर्फ एक ही इंसान बच पाया। बाकी सभी 241 लोगों की मौत हो गई। साथ ही यह विमान जाकर रिहायशी इलाके में गिरा था। विमान जाकर बीजे मेडिकल कॉलेज के होस्टल में गिरा था। विमान के होस्टल में गिरने से कई छात्रों की भी मौत हो गई थी। वहीं, कई बुरी तरह से घायल हो घए थे। हादसे के बाद AAIB की एक महीने के समय के बाद रिपोर्ट सामने आई। इस रिपोर्ट में कई खुलासे किए। हालांकि, अब इस शुरुआती रिपोर्ट को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं। कई लोग इसकी साथ ही आलोचना भी कर रहे हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular