2017 के पहले DGP आवास के सामने माफिया अपनी कोठियां बनवाते थे, अब प्रदेश माफियामुक्त है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के डालीबाग के जियामऊ के एकता वन में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलडीए के बनाए हुए फ्लैट की चाबी आवंटियों को सौंपी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा कर लेते थे। डीजीपी आवास के पास अपनी कोठियां बनवाते थे और कोई कुछ नहीं कर पाता था पर अब माफियाओं की कब्जा की गई जमीन पर गरीबों के लिए घर बन रहा है। हम इसी तरह माफियाओं की जमीन पर गरीबों के आवास बनवाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफियाओं से मुक्त है। यही कारण है कि प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के माफिया मुक्त होने से युवाओं की असीमित क्षमता का विस्तार हो रहा है। ये माफिया समाज के विकास में सबसे बड़े बैरियर हैं।
अपने घर का मालिक बनकर लाभार्थियों ने खुशी जताई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। लाभार्थी शिखा अग्रवाल ने कहा कि मैं प्रयागराज से हूं। लखनऊ में 12 साल से रह रही हूं। सोचती थी कि लखनऊ में मेरा भी घर होता पर छोटी नौकरी होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। मुख्यमंत्री योगी जी की कृपा से मेरा ये सपना पूरा हो गया। अब मैं अपने माता-पिता के साथ यहां रह सकती हूं। एक अन्य लाभार्थी तारा देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कृपा से हमारे सिर पर छत आ पाई है। इसके लिए उनका आभार है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular