गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में 4 गिरफ्तार, लेकिन पंचायत सरपंच से क्यों हुई पूछताछ?

गोवा, एजेंसी। गोवा अरपोरा नाइट क्लब में हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोवा पुलिस ने अरपोरा नाइट क्लब के जनरल मैनेजर और 3 स्टाफ समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई क्लब स्टाफ के अलावा अरपोरा नाओ पंचायत के सरपंच तक पहुंची है, सरपंच को 2023 में नाइटक्लब परिसर के लिए ट्रेड लाइसेंस जारी करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि गोवा सरकार के तत्कालीन सरपंच समेत तीन सीनियर अधिकारियों को 2023 में नाइट क्लब को शुरू करने की इजाजत देने में उनकी भूमिका के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
नॉर्थ गोवा में पार्टी करने वालों से भरा ये नाइटक्लब आधी रात के आसपास मौत का जाल बन गया और भीषण आग ने इसे अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें पांच टूरिस्ट समेत 25 लोगों की जान चली गई। जांच में सरकारी अधिकारियों की लापरवाही और नियमों को लागू करने में ढिलाई जैसी गैर-कानूनी बातें भी सामने आईं हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही अपनी फाइनल रिपोर्ट जारी कर सकती है।
नाइट क्लब में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक नाइट क्लब ने आग से बचाव के लिए सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं किया था। वहीं फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मौतें दम घुटने से हुईं, क्योंकि पीड़ित ग्राउंड फ्लोर और किचन में फंस गए थे। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के एक सीनियर अधिकारी ने PTI को बताया कि पतली गलियों की वजह से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में दिक्कत हुई और पानी के टैंकरों को घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर पार्क करना पड़ा। इससे आग पर काबू पाना एक मुश्किल काम हो गया।
किस-किस पर हुई कार्रवाई
प्रमोद सावंत ने बताया कि क्लब के चीफ जनरल मैनेजर, राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मालिकों में सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा और इवेंट ऑर्गेनाइजर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular