वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को चीन के लिए रवाना हो गए, जहां वह चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। रवानगी से पहले उन्होंने कहा कि वे चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग से ईरान युद्ध पर चर्चा करेंगे। मध्यस्थता में चीन की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि हमें ईरान के मामले में किसी मदद की जरूरत है। हम किसी न किसी तरह से जीतेंगे। ट्रंप ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि अमेरिका इस स्थिति को शांतिपूर्वक या किसी अन्य तरीके से अपने दम पर जीत लेगा। 2017 के बाद यह ट्रंप की पहली चीन यात्रा है।
बता दें कि मंगलवार को बीजिंग जाने वाली अपनी उड़ान के लिए व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) से रवाना होने से ठीक पहले ट्रंप ने ईरान को लेकर जिनपिंग के साथ मतभेदों और इस संघर्ष के वैश्विक तेल बाजारों पर पड़ रहे प्रभाव को कम करके आंकने की कोशिश की।
ट्रंप ने जिनपिंग के साथ संघर्ष पर चर्चा करने की अपनी योजना के बारे में कहा कि हम इस पर लंबी बातचीत करेंगे। सच कहूं तो मुझे लगता है कि उनका रवैया अपेक्षाकृत अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास चर्चा करने के लिए बहुत से मुद्दे हैं। सच कहूं तो मैं यह नहीं कहूंगा कि ईरान उनमें से एक है, क्योंकि ईरान पर हमारा काफी हद तक नियंत्रण है।
ट्रंप ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के साथ हमारी बहुत अच्छी मुलाकात होगी। मैंने राष्ट्रपति शी से बात की है। हम दोनों इस मुलाकात के लिए उत्सुक हैं। यह शानदार होगा। ईरान के साथ शांति प्रस्ताव के लिए अपनी ‘रेड लाइन’ के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, हम इस बारे में उड़ान के दौरान और अगले कुछ समय तक सोचते रहेंगे। लेकिन हमने उनकी सैन्य शक्ति को बुरी तरह हराया है। नाकाबंदी बहुत प्रभावी है और किसी न किसी तरह से, इसका समाधान बहुत अच्छा होगा।
ट्रंप ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। वे यह जानते हैं। उन्होंने इस पर सहमति जताई है। हम कोई खेल नहीं खेलते। उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे।
रूस-यूक्रेन युद्ध जल्द खत्म होगा
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म होने के करीब है। उन्होंने एक समझौते की उम्मीद जताई। उनका ये बयान रूसी राष्ट्रपति पुतिन की शनिवार को की गई टिप्पणियों से मिलते-जुलते हैं।
मेलानिया नहीं जा रही हैं चीन
व्हाइट हाउस के मुताबिक, प्रथम महिला मेलानिया राष्ट्रपति ट्रंप के साथ चीन की यात्रा पर नहीं जा रही हैं। बुधवार को चीन के लिए रवाना हुए ट्रंप के साथ विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उनके परिवार के सदस्य एरिक- लारा ट्रंप मौजूद हैं, लेकिन मेलानिया इस दौरे में शामिल नहीं हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में टेक दिग्गज एलन मस्क और एप्पल के सीईओ टिम कुक भी शामिल हैं।

