हरदोई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट हरदोई एवं पेस जेआरसी (जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन) के संयुक्त तत्वाधान में टड़ियावां ब्लाक के आशा गाँव में मिशन शक्ति के अंतर्गत बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति हरदोई के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि देश की आबादी को सक्षम बनाने का जो सपना स्वामी विवेकानंद ने देखा था और जिसकी संकल्पना डॉ. भीमराव अंबेडकर ने की थी, आज उन्हीं आदर्शों को मूर्त रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार सतत प्रयत्नशील है,
मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम उसी श्रृंखला की एक कड़ी है। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बाल संरक्षण अधिकारी पिंकी सिंह ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बाल विवाह की पीड़ित बालिकाओं को योजना का लाभ देकर शिक्षा से जोड़ने के कई उदाहरण प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर पेस संस्था द्वारा बाल विवाह पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया एवं पुलिस विभाग की ओर से पॉक्सो एक्ट पर केंद्रित जागरूकता फिल्म “बढ़ते बच्चे” दिखाई गई। सभी को बाल विवाह रोकथाम पर पेस संस्था द्वारा शपथ दिलाई गई तथा बाल अधिकारों एवं हेल्पलाइन नंबर 1098, 1090 एवं 112 के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलायंस की सहयोगी संस्था पेस की सचिव राजविंदर कौर ने बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति को सशक्त बनाने और बाल विवाह मुक्त पंचायत बनने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक व शारीरिक स्थिति सब प्रभावित होती है। बाल विवाह पूरी तरह बंद होना चाहिए तभी हम विकसित भारत और बाल विवाह मुक्त भारत का सपना साकार कर सकते हैं। जनजागृति के माध्यम से जनपद की 200 पंचायतों को बाल विवाह मुक्त कराने का जिम्मा लिया। कार्यक्रम का संचालन पेस संस्था के जिला समन्वयक अवनीश मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कोतवाली देहात से इंस्पेक्टर समर सिंह , एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी रमेश चंद्र द्विवेदी, हरि श्याम वर्मा, सुमित कुमार, अनूप कुमार तिवारी वन स्टाफ वन सेंटर से सुरभी सिंह , सीतापुर से पेस संस्था के सर्वेश शुक्ला, शाहजहांपुर से गोपाल मिश्रा, सरस्वती, गायत्री, बलराम, नंदिनी, उर्मिला, रहमत अली, अवनीश आदि उपस्थित रहे। जी समाधान अभियान से सौम्या द्विवेदी एवं सूरज, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश पाल सिंह, गांव के प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधि के साथ लगभग 500 ग्राम वासियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया ।

