2027 यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने PDA की नई परिभाषा दी, बताया सफलता का फॉर्मूला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर ‘PDA’ को लेकर नया संदेश दिया है। अब तक PDA को पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जोड़ने वाले अखिलेश यादव ने इसे Patience, Discipline और Action यानी धैर्य, अनुशासन और कार्रवाई के रूप में भी परिभाषित किया है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ग्राफिक साझा किया। इसमें उन्होंने धैर्य, अनुशासन और कार्रवाई को सफलता की तीन अहम कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि PDA की सकारात्मक राजनीति का असर यह है कि लोग अब इसे अलग-अलग सकारात्मक अर्थों में परिभाषित कर रहे हैं।

सपा प्रमुख के मुताबिक सकारात्मकता से सद्भाव पैदा होता है और सद्भाव सामाजिक एकता को मजबूत करता है। यही सामाजिक एकता देश को प्रेम, करुणा और अपनत्व के भाव से जोड़ते हुए विकास और समृद्धि का रास्ता तैयार करती है।

अखिलेश यादव लंबे समय से PDA को सपा की राजनीतिक रणनीति के केंद्र में रखते आए हैं। वह कई मौकों पर PDA आंदोलन का आह्वान कर चुके हैं और BJP सरकार पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते रहे हैं। 22 अगस्त को एक सभा में उन्होंने कहा था कि सपा का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और PDA आंदोलन के जरिए सामाजिक न्याय स्थापित करने वाली सरकार बनाना है।

हालांकि, हाल के दिनों में अखिलेश यादव ने PDA की परिभाषा का दायरा बढ़ाते हुए सवर्ण मतदाताओं को भी साधने की कोशिश की है। उन्होंने ‘पीड़ित पंडित’ को भी PDA से जोड़ते हुए BJP पर निशाना साधा था। 5 अगस्त को सपा के दिवंगत नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर अखिलेश ने कहा था कि लोकसभा चुनाव में PDA से हार के बाद BJP इसकी अलग-अलग परिभाषाएं गढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि BJP जितना अधिक दर्द देगी, PDA उतना ही मजबूत होगा।

2027 में वापसी की कोशिश में सपा

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी लगातार दो विधानसभा चुनावों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है और अब वह सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 403 में से 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि BJP को 255 सीटें मिली थीं।

वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 37 सीटें जीतकर BJP से बेहतर प्रदर्शन किया था। अब पार्टी इसी प्रदर्शन को 2027 के विधानसभा चुनाव में दोहराने की रणनीति पर काम कर रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular