लेटेस्ट न्यूज़
12 Aug 2026, Wed

अमित शाह का विपक्ष को 24 घंटे का चैलेंज, बोले- सरकार कुछ नहीं छिपा रही, हर सवाल का देंगे जवाब

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद में विपक्ष को 24 घंटे का खुला चैलेंज दिया। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और उसके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। शाह ने विपक्ष से कहा कि वह दोपहर 3 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपे, जिसके बाद बुधवार दोपहर 3 बजे से गुरुवार दोपहर 3 बजे तक सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जा सकती है।

अमित शाह ने कहा कि वह इस पूरी चर्चा के दौरान सदन में मौजूद रहेंगे और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा तय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत होती है। केवल बयान देने की मांग करना संसदीय तरीका नहीं है। गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा जरूरी है, ताकि देश के सामने पूरी सच्चाई रखी जा सके।

‘लापता और भाग गए’ जैसे शब्द क्यों सुनाई दे रहे हैं?

विपक्ष के उन आरोपों पर भी शाह ने जवाब दिया, जिनमें उनके संसद में मौजूद नहीं रहने की बात कही जा रही थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सत्र शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से संसद आ रहे हैं और अपने चैंबर में बैठते हैं। लेकिन यदि विपक्ष दोनों सदनों को चलने ही नहीं देता, तो वह क्या कर सकते हैं?

शाह ने कहा कि आजकल सार्वजनिक और संसदीय जीवन में ‘लापता’ और ‘भाग गए’ जैसे शब्द ज्यादा सुनने को मिल रहे हैं। अब जनता खुद तय करे कि वास्तव में कौन चर्चा से भाग रहा है।

NEET प्रदर्शन पर चर्चा के लिए सरकार तैयार

गृह मंत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार NEET विरोध-प्रदर्शनों के मुद्दे पर पूरी चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष ने चर्चा के लिए समय तय करने की मांग की थी और सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया है।

शाह ने कहा कि वह संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह तय करे कि उसे संसद में चर्चा करनी है या फिर हंगामा करना है।

देर रात तक भी चर्चा के लिए तैयार

अमित शाह ने कहा कि वह बुधवार दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू करने के लिए तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर देर रात तक सदन में बैठ सकते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि स्पीकर अनुमति दें तो प्रश्नकाल को स्थगित करके भी चर्चा आगे बढ़ाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि वह गुरुवार दोपहर 3 बजे तक सदन में मौजूद रहेंगे, विपक्ष की हर बात सुनेंगे, सभी बिंदुओं के नोट्स लेंगे और एक-एक सवाल का जवाब देंगे। शाह के मुताबिक, इससे देश की जनता के सामने पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अब फैसला विपक्ष को करना है कि वह संसद में चर्चा चाहता है या हंगामा।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।