जन्माष्टमी पर CM योगी की प्रदेशवासियों को पाती, बोले- श्रीकृष्ण ने दिखाया सत्य और धर्म का मार्ग

लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम भावपूर्ण संदेश जारी कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने अपने संदेश को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लोगों से भारतीय विरासत के संरक्षण, सामाजिक समरसता और विकसित एवं गौरवशाली उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि भाद्रपद कृष्ण अष्टमी की आधी रात जब मथुरा की जेल में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ, तब असत्य और अन्याय के अंधकार के बीच सत्य एवं धर्म का प्रकाश फैल गया। उन्होंने कहा कि योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें जनकेंद्रित शासन की मूल भावना की प्रेरणा देता है। अन्याय का विरोध, धर्म की रक्षा, कमजोरों की सुरक्षा और जनकल्याण उनके जीवन-दर्शन के प्रमुख आधार रहे।

जनकल्याण के भाव को जीवन में उतारने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि इसी भावना के साथ प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि इस जन्माष्टमी पर अपनी समृद्ध विरासत के संरक्षण, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने और विकसित एवं गौरवशाली उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लें। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के सत्य, धर्म, कर्म और लोककल्याण के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करें।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular