लेटेस्ट न्यूज़
30 Apr 2025, Wed

लखनऊ में ‘फिट इंडिया संडे साइकिलिंग’ का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री ने स्वस्थ और फिट रहने का दिया मंत्र

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को ‘फिट इंडिया संडे साइकिल’ का शुभारंभ हुआ। इसका नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया। उन्होंने मरीन ड्राइव (सामाजिक परिवर्तन स्थल) से समता मूलक चौराहा होते हुए 1090 चौराहा तक तीन किमी की साइकिल यात्रा की। फिर इसी रास्ते से वापसी की। उनके साथ उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा मामले के मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी शामिल हुए।
इस आयोजन में 400 से अधिक साइकिल चालकों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और सक्रिय जीवन शैली अपनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि फिट इंडिया आंदोलन को सफल बनाने के लिए हमें अपनी दिनचर्या में नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को शामिल करना चाहिए। यह न केवल फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि पर्यावरण को भी संरक्षित करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब तक, यह राष्ट्रव्यापी साइकिलिंग अभियान 4200 से अधिक स्थानों पर आयोजित किया जा चुका है। इसमें करीब दो लाख लोग शामिल हुए। इस पहल के माध्यम से वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, माई बाइक्स और माई भारत के सहयोग से ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशभर में एसएआई क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों और खेलो इंडिया केंद्रों में एक साथ आयोजित किया गया। इसमें लाखों नागरिकों को फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *