गुवाहटी टेस्ट: शुभमन गिल आधिकारिक तौर पर दूसरे टेस्ट से हुए बाहर, ऋषभ पंत करेंगे कप्तानी

नईदिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ईडन गार्डन टेस्ट के दौरान चोटिल हुए थे। अब ऐसी खबर है कि गिल 2 नवंबर से गुवाहटी में होने वाले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ये घोषणा की है। उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत टीम की कमान संभालेंगे। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने फिलहाल सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई हुई है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, गिल को कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लगी थी। वह 19 नवंबर, 2025 को गुवाहाटी गए। बदकिस्मती से, वह दूसरे टेस्ट में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं थे और अपनी चोट की आगे की जांच के लिए मुंबई जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, गिल मुंबई में डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला से सलाहलेंगे। उनका अभी बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाने की कोई योजना नहीं है।
ईडन गार्डन टेस्ट में दूसरे दिन बल्लेबाजी पर आए गिल ने पहले चौका लगाया और उसके बाद गर्दन की दर्द से परेशान हुए। उनको देखने के लिए तुरंत फिजियो मैदान पर आए। इसके बाद वह मैदान छोड़कर चले गए थे। ड्रेसिंग रूम की ओर जाते समय गिल जरा भी अपनी गर्दन नहीं घुमा पा रहे थे। चोट के कारण कप्तान गिल तीसरे दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध नहीं थे, क्योंकि उसी दौरान वे अस्पताल में भर्ती थे।
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने गुरुवार को गिल की रिकवरी पर अपडेट दिया था। उन्होंने कहा था, अब मैच में खिलाना है या नहीं यह फैसला कल शाम को लिया जाएगा। अगर हमें लगता है कि उन्हें यह दिक्कत दोबारा नहीं होगी, तो वह खेलेंगे। अगर कोई शक है, तो वह एक और मैच के लिए आराम करेंगे, क्योंकि यह टीम के लिए मददगार नहीं होगा।
पंत गुवाहटी टेस्ट में कप्तानी करते ही रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लेंगे। दरअसल, वह महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बन जाएंगे। बता दें कि धोनी ने 2014 में आखिरी बार भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। इसके साथ-साथ पंत भारत का टेस्ट में नेतृत्व करने वाले कुल 38वें खिलाड़ी बन जाएंगे। अपने टेस्ट करियर में पंत 3,456 रन बना चुके हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular