सर्दी के मौसम में बाजार में काफी हरी सब्जियां मिलने लगती हैं। इन्हीं में शामिल है पत्ता गोभी…. पत्ता गोभी एक ऐसी सब्जी है, जो लगभग हर घर में इस्तेमाल की जाती है। इसकी मदद से घरों में सलाद, सब्जी, मंचूरियन और कई तरह की डिशेज बनाई जाती हैं। पर, क्या आप जानते हैं कि गोभी की परतों में छोटे-छोटे कीड़े छिपे हो सकते हैं। अगर इसे ठीक से साफ न किया जाए, तो ये कीड़े शरीर में जाकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। कई मामलों में तो इन कीड़ों की वजह से लोगों की मौत तक हो गई है। इसलिए पत्ता गोभी को काटकर या पकाने से पहले अच्छी तरह साफ करना बेहद जरूरी है। गोभी को सिर्फ ऊपर से धो लेना काफी नहीं होता, क्योंकि कीड़े पत्तों की अंदरूनी परतों में छिपे रहते हैं। इस लेख में हम आपको पत्ता गोभी को सही तरीके से साफ करने का आसान और असरदार तरीका बताएंगे, जिससे आपकी सेहत सुरक्षित रहे और खाने का स्वाद भी बना रहे।
ये है सही तरीका
अगर आप पत्ता गोभी को सही से साफ करना चाहते हैं तो इसे साफ करने की शुरुआत हमेशा उसकी बाहरी पत्तियों से करनी चाहिए। सबसे पहले पत्ता गोभी की ऊपर की 2 से 3 पत्तियां निकालकर अलग कर दें और फेंक दें, क्योंकि इन्हीं पत्तियों पर सबसे ज्यादा धूल, मिट्टी, कीटनाशक और छोटे कीड़े चिपके होते हैं। इसके बाद पत्ता गोभी को साफ चाकू की मदद से बीच से दो या चार हिस्सों में काट लें। ऐसा करने से अंदर की परतें खुल जाती हैं और छिपे हुए कीड़े आसानी से नजर आने लगते हैं।
अब एक बड़े और गहरे बर्तन में साफ पानी भरें। इसमें एक से दो चम्मच नमक या फिर थोड़ा सा सिरका मिला दें। इस नमक या सिरके वाले पानी में पत्ता गोभी के कटे हुए टुकड़ों को पूरी तरह डुबोकर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इस दौरान नमक या सिरका का असर अंदर छिपे कीड़ों और बैक्टीरिया पर पड़ता है, जिससे वे पत्तियों से बाहर निकल आते हैं और पानी में तैरने लगते हैं।
समय पूरा होने के बाद पत्ता गोभी को पानी से निकालें और साफ बहते पानी में 2 से 3 बार अच्छी तरह धोएं। ध्यान रखें कि हर पत्ती को थोड़ा खोलकर धोया जाए, ताकि कोई गंदगी या कीड़ा अंदर न रह जाए। अंत में पत्ता गोभी को छलनी या टोकरी में रखकर अतिरिक्त पानी निकलने दें। पूरी तरह पानी सूख जाने के बाद पत्ता गोभी पकाने या सलाद बनाने के लिए पूरी तरह सुरक्षित हो जाती है।
डिस्क्लेमर : सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से विशेषज्ञ राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें। आर्यावर्त क्रांति इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

