शतरंज की दुनिया में भारत का डंका! 20 साल के प्रज्ञानंद ने अमेरिका में रचा इतिहास; घर ले गए 47 लाख रुपए

सेंट लुईस। भारतीय शतरंज के युवा सनसनी आर. प्रज्ञानंद ने एक बार फिर पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। अमेरिका में आयोजित प्रतिष्ठित ग्रैंड चेस टूर (त्रष्टञ्ज) सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज़ 2026 के रोमांचक मुकाबले में उन्होंने ऐतिहासिक खिताबी जीत दर्ज की है। 20 वर्षीय इस होनहार ग्रैंडमास्टर ने पांच दिनों तक चले इस पूरे टूर्नामेंट में ऐसा दबदबा बनाया कि विरोधी खिलाड़ी उनके सामने पानी भरते नजर आए। अपनी इस जादुई जीत के साथ ही उन्होंने लाखों रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम कर ली है।
उज्बेकिस्तान के दिग्गज को चटाई धूल
टूर्नामेंट के पहले दिन से ही प्रज्ञानंद गजब की लय में नजर आ रहे थे और उन्होंने रैपिड राउंड से ही अपनी मजबूत बढ़त बना ली थी। ब्लिट्ज मुकाबलों के दौरान भी उन्होंने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को आगे निकलने का एक भी मौका नहीं दिया। पेनुल्टीमेट राउंड में सिंदारोव के खिलाफ एक बेहद चुनौतीपूर्ण एंडगेम को ड्रॉ करवाकर भारतीय स्टार ने एक राउंड बाकी रहते ही ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया। प्रज्ञानंद ने कुल 23.5 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 22 अंकों के साथ सिंदारोव दूसरे और अमेरिका के वेस्ले सो 21.5 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहे।
करोड़ों के इनाम वाले फाइनल्स पर अब नजर
अपने करियर का यह पहला सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज खिताब जीतने पर प्रज्ञानंद को 50,000 डॉलर (लगभग 47 लाख रुपये) की भारी-भरकम प्राइज मनी और 13 जीसीटी पॉइंट्स से नवाजा गया है। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर वह ग्रैंड चेस टूर 2026 की ओवरऑल पॉइंट्स टेबल में 24.5 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर छलांग लगा चुके हैं। अब वह पहले नंबर पर मौजूद फैबियानो कारुआना (25 पॉइंट्स) से महज आधे अंक पीछे हैं। इस टूर्नामेंट की समाप्ति के बाद अब दुनिया भर के टॉप खिलाड़ियों की नजरें 10 अगस्त से शुरू हो रहे ‘सिंक्वेफील्ड कपÓ पर टिक गई हैं। यह क्लासिकल इवेंट ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में एंट्री पाने का आखिरी और सबसे बड़ा मौका है, जहां चोटी के चार खिलाड़ी 200,000 डॉलर के महा-इनाम के लिए अपनी दिमागी ताकत आजमाएंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular