एशिया कप और इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में नहीं खेलेंगी भारतीय टीमें? BCCI सचिव ने दिया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही संघर्ष विराम हो चुका है लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी जारी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इसका असर दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ सकता है। खबरों के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी पुरुष एशिया कप और महिला इमर्जिंग टीम्स एशिया कप से बाहर रहने का फैसला किया है। अब इस पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया का बयान आया है। उन्होंने इस तरह की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
सैकिया ने किया खंडन
देवजीत सैकिया ने कहा- आज सुबह से ही हमारे संज्ञान में कुछ ऐसी खबरें आई हैं कि बीसीसीआई ने एशिया कप और महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप में भाग नहीं लेने का फैसला किया है, जो दोनों ही एसीसी (एशियाई क्रिकेट परिषद) के आयोजन हैं। ऐसी खबरों में अभी तक कोई सच्चाई नहीं है। बीसीसीआई ने आगामी एसीसी आयोजनों के बारे में न तो कोई चर्चा की है और न ही कोई कदम उठाया है, एसीसी को कुछ लिखना तो दूर की बात है। इस समय हमारा मुख्य ध्यान मौजूदा आईपीएल और उसके बाद होने वाली इंग्लैंड सीरीज, पुरुष और महिला दोनों पर है।
कब होगा आयोजन?
दरअसल, पुरुष एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को ही करनी है। वहीं, महिला इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2025 का आयोजन श्रीलंका में होगा। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बीसीसीआई ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) को इन दोनों टूर्नामेंट्स से हटने की जानकारी दे दी है। फिलहाल एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेरयमैन भी हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular