लेटेस्ट न्यूज़
12 Aug 2026, Wed

कंगना रनौत का नसीरुद्दीन शाह पर पलटवार, बोलीं- ‘मुझे कुत्ता कहलाना मंजूर, लोमड़ी कहलाना नहीं’

बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने छात्र आंदोलनों के मुद्दे पर बॉलीवुड के बड़े सितारों की चुप्पी पर सवाल उठाए थे। कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उनकी नीयत और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े किए।

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में नसीरुद्दीन शाह से पूछा कि झारखंड में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर वह चुप क्यों हैं। इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता और लेखक पीयूष मिश्रा का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

‘मुझे कुत्ता कहलाना मंजूर है’

कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि हर व्यक्ति किसी न किसी के प्रति वफादार होता है। उन्होंने कहा कि उन्हें उस देश की ‘रोटी’ खाने पर गर्व है, जिसकी वह रक्षा करने और उसके लिए लड़ने को तैयार हैं। इसी क्रम में उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह देश का खाते हैं, लेकिन लड़ाई पड़ोसी देश के लिए लड़ते हैं।

कंगना ने आगे कहा कि आज के दौर में किसी इंसान को ‘कुत्ता’ कहना भी एक तरह की तारीफ माना जा सकता है, क्योंकि वफादारी और मासूमियत दुर्लभ होती जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि वह नसीरुद्दीन शाह की तरह ‘लोमड़ी’ कहलाने के बजाय खुद को वफादार कुत्ता कहलाना पसंद करेंगी।

नसीरुद्दीन शाह ने बॉलीवुड की चुप्पी पर क्या कहा था?

विवाद की शुरुआत नसीरुद्दीन शाह के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने विरोध प्रदर्शनों के बीच बॉलीवुड के बड़े कलाकारों की चुप्पी पर सवाल उठाया था। ‘द वायर’ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन सितारों की तुलना ऐसे कुत्ते से की थी, जिसके मुंह में हड्डी दबी हो।

नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि ये कलाकार तब बोलेंगे, जब उनका जमीर उन्हें इसकी इजाजत देगा। उनके मुताबिक, जब उनके मुंह से वह ‘हड्डी’ निकल जाएगी या उनके दांत टूट जाएंगे, तभी वे खुलकर बोलना शुरू करेंगे।

‘आखिर कब तक दबा सकते हैं अपना जमीर?’

जब नसीरुद्दीन शाह से पूछा गया कि क्या लोगों की चुप्पी का फायदा उठाया जा रहा है और क्या वे जानबूझकर अपना जमीर दबा रहे हैं, तो उन्होंने इससे सहमति जताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि लोग आखिर कब तक ऐसा कर सकते हैं। इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा। नसीरुद्दीन शाह के इस बयान के बाद अब कंगना रनौत ने उन पर जोरदार हमला बोला है। दोनों कलाकारों के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग तेज होती दिखाई दे रही है। इससे पहले कंगना ने संसद में जारी राजनीतिक विवाद को लेकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा था।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।