यूक्रेन पर हमले के बाद अब रूस की गतिविधियां एक नए मोर्चे की ओर इशारा कर रही हैं। सैटेलाइट इमेज से खुलासा हुआ है कि रूस ने फिनलैंड की सीमा के बेहद करीब चार अहम ठिकानों पर बड़ी सैन्य तैनाती शुरू कर दी है। ऐसे वक्त में जब यूक्रेन और रूस के बीच तुर्किये में संभावित बैठक की चर्चा चल रही है, व्लादिमीर पुतिन की ये चुपचाप तैयारी यूरोप को गहरी चिंता में डाल रही है। स्वीडन के राष्ट्रीय ब्रॉडकास्टर SVT ने Planet Labs की सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें रूस के चार ठिकानों कामेनका, पेत्रोजावोडस्क, सेवेरोमॉर्स्क-2 और ओलेन्या पर तेज़ी से सैन्य गतिविधियां बढ़ती दिख रही हैं।
कामेनका फिनलैंड बॉर्डर से सिर्फ 35 मील दूर स्थित है। इस इलाके में फरवरी से अब तक 130 से ज्यादा मिलिट्री टेंट लगाए जा चुके हैं। माना जा रहा है कि यहां करीब 2,000 सैनिकों को रखा जा सकता है। वहीं पेत्रोजावोडस्क फिनलैंड सीमा से 109 मील की दूरी पर यहां तीन बड़े स्टोरेज हॉल बनाए गए हैं, जहां 50-50 बख्तरबंद वाहन रखे जा सकते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये हॉल असली संख्या छिपाने के लिए बनाए गए हैं। तीसरी जगह है सेवेरोमॉर्स्क-2, यहां सेटेलाइट तस्वीरों में कई हेलिकॉप्टर देखे गए हैं। ये बेस रूस के एयर ऑपरेशन्स के लिहाज़ से अहम माना जाता है। चौथा है ओलेन्या, यूक्रेन के मुताबिक, इस बेस से कई बार उनकी जमीन पर हमले किए गए हैं। यहां भी नई हलचल देखी गई है।
फिनलैंड-स्वीडन के NATO में शामिल होने के बाद बढ़ा तनाव
रूस की ये तैयारी ऐसे वक्त में हो रही है जब फिनलैंड और स्वीडन हाल ही में NATO का हिस्सा बने हैं। यूक्रेन पर 2022 में रूस के हमले के बाद फिनलैंड ने अप्रैल 2023 में NATO जॉइन किया। इसके बाद मार्च 2024 में स्वीडन भी नाटो का हिस्सा बना। रूस लगातार NATO पर आक्रामक होने का आरोप लगाता रहा है और कहा है कि वो जरूरी कदम उठाएगा। अब ये तस्वीरें उसी चेतावनी को सच साबित करती दिख रही हैं।
रूस क्या फिर यूक्रेन जैसा कदम उठाएगा?
सेटेलाइट तस्वीरों ने 2021 की यादें ताज़ा कर दी हैं, जब यूक्रेन बॉर्डर पर ऐसी ही गतिविधियों के बाद 2022 में रूस ने हमला कर दिया था। फिनलैंड के डिप्टी चीफ ऑफ डिफेंस लेफ्टिनेंट जनरल वेसा विर्टानेन का कहना है कि रूस NATO की एकता को परख रहा है। स्वीडन के डिफेंस चीफ माइकल क्लेसन ने भी कहा, “हम जब नाटो में शामिल हुए थे, तब रूस ने कहा था कि वो प्रतिक्रिया देगा, अब वो सच साबित हो रहा है।
यूक्रेन छोड़िए, व्लादिमीर पुतिन तो अब इस देश पर कर रहे कब्जे का प्लान! सैटेलाइट इमेज ने खोल दी पोल
