लेटेस्ट न्यूज़
11 Mar 2026, Wed

बढ़ी LPG की किल्लत, लखनऊ के DM के अफसरों को कालाबाजारी पर निगाह रखने के निर्देश

लखनऊ। पश्चिम एशिया के देशों में युद्ध की आग हमारे आपके घरों और खानपान की सुविधा तक पहुंच गई है। एलपीजी का संकट गहरा रहा है। सामान्य दिनों में चौबीस घंटे के भीतर एजेंसी से सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती है, लेकिन मौजूदा समय में 48 से 72 घंटे बाद भी नहीं पहुंच रहे हैं। व्यावसायिक सिलेंडरों पर रोक के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं की बुकिंग के बाद भी सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। अधिकांश इलाकों में एजेंसियों के बाहर उपभोक्ता सिलेंडर के लिए कतारों में देखे गए। लखनऊ में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक सिलेंडरों की डिमांड रहती है। उपभोक्तओं की शिकायत है कि बुकिंग भी नहीं हो रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई संचालक कालाबाजारी कर रहे हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि संकट के कारण डिमांड के अनुरूप डिपो से गैस नहीं मिल पा रही है जिससे देरी हो रही है। सिलेंडर मिलने में देरी और स्टाक खत्म होने की खबरों पर इंडियन आयल ने बयान जारी किया है। इंडियन आयल का कहना है कि हमारे पास पर्याप्त स्टाक है इसलिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिला आपूर्ति अधिकारी विजय प्रकाश का कहना है कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सरकार ने व्यावसायिक सिलेंडरों पर रोक लगा दी है। सबसे अधिक मुश्किल उन लोगों को हो रही है, जिनके परिवार में शादी या कोई अन्य समारोह होने हैं। व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिलने से होटल व रेस्टोरेंट संचालकों के साथ कैटरिंग कारोबारी भी परेशान हैं। तेल कंपनियों ने व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगा दी तो कालाबाजारी चरम पर है। उत्तर प्रदेश टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार का कहना है कि आठ दिसंबर से शादियों का सीजन शुरू हो चुका है, पिछले तीन दिनों से कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। 11 मार्च को लखनऊ में एक हजार से अधिक शादियां होनी हैं। सरकार ने सिलेंडर देने से मना कर दिया है, ऐसे में हम लोग कहां जाएं। 15 तारीख तक ही शादियों का सीजन है और अगर सिलेंडर नहीं मिलेंगे तो आयोजन कैसे होंगे। कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो कैटरिंग व्यवसाय पूरी तरह से ठप हो जाएगा।
कहीं पर किसी तरह के स्टाक की कमी नहीं
एलपीजी और डीजल-पेट्रोल के संकट को लेकर इंडियन आयल के कार्यकारी निदेशक और राज्य प्रमुख संजय भंडारी का कहना है कि कहीं पर किसी तरह के स्टाक की कमी नहीं है। हमारे पास पूरे पूर्वी क्षेत्र के 13 हजार से अधिक पेट्रोल पंपों के लिए 32 डिपो में पर्याप्त स्टाक है। इसी तरह एलपीजी के उपभोक्ताओं के लिए भी एक सप्ताह तक का स्टाक है। व्यावसायिक सिलेंडरों की बुकिंग पर फिलहाल रोक लगाई है, क्योंकि घरेल गैस हमारी प्राथमिकता में हैं। जैसे ही स्थिति सामान्य होगी व्यावसायिक सिलेडरों पर लगी रोक भी हटा दी जाएगी। जरूरी सेवाओं के लिए पहले की तरह व्यावसायिक सिलेडरों की आपूर्ति जारी है। पेट्रोल-डीजल और एलपीजी आपूर्ति का अधिकांश हिस्सा जिस क्षेत्र से आता है वहां पर हालात सामान्य नही है इसलिए आंशिक असर दिख रहा है। लोगों से अपील है कि अफवाहों से बचें।
डीएम ने अफसरों को किया तलब
राजधानी में एलपीजी संकट के बीच डीएम विशाख जी ने अफसरों को तलब किया। डीएम ने सभी तेल कंपनियों और प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक कर एलपीजी के उपलब्ध स्टाक, प्रतिदिन की रिफिलिंग क्षमता तथा वितरण व्यवस्था के संबंध में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है तथा किसी भी एजेंसी पर घरेलू आपूर्ति के लिए गैस की कमी की स्थिति नहीं है। उपलब्ध स्टाक को देखते हुए घरेलू गैस की आपूर्ति एवं डिलीवरी व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। डीएम ने चेताया कि कहीं पर भी कालाबाजारी नहीं होने पाए। कंपनियों की घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग व डिलीवरी निर्धारत समयावधि 25 दिन के अंतराल पर सुचारु रूप से जारी रहेगी। इंडियन आयल कंपनी के प्रतिनिधि ने अवगत कराया कि 25 दिन की अवधि पूर्ण होने के पश्चात घरेलू गैस सिलेंडर के उपभोक्ता की डीएसी जनरेट होगी जिसके आधार पर उपभोक्ता को नियमानुसार बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त होगी।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।