लेटेस्ट न्यूज़
22 Dec 2025, Mon

नाखूनों के जरिए भी पता चलता है शरीर स्वस्थ है या नहीं

नाखूनों की बदौलत हमारे हाथ सुंदर दिखते हैं और ये हमारी उंगलियों की सुरक्षा भी करते हैं। काफी कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि नाखूनों को देखकर भी यह पता लगाया जा सकता है कि शरीर अंदरूनी तौर पर स्वस्थ है या नहीं। नाखूनों की समस्याएं फेफड़ों की बीमारी या एलर्जी आदि के संकेत दे सकते हैं।आज के लेख में हम आपको बताएंगे कि यह कैसे संभव होता है।
सेहत के बारे में क्या कहता है नाखूनों का रंग?
अगर आप नाखूनों के जरिए स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाना चाहते हैं तो पहले उनके रंग पर गौर करें। स्वस्थ नाखूनों का रंग गुलाबी होता है, जिनके निचले हिस्से पर थोड़ा सफेद रंग होता है। अगर आपके नाखून पीले हैं तो संभावना है कि आपको फंगल संक्रमण, श्वसन संबंधी समस्या या मधुमेह है। जिनके नाखून सफेद होते हैं उन्हें एनीमिया या हृदय रोग होने का खतरा रहता है। वहीं, नीले नाखून ऑक्सीजन का स्तर कम होने का संकेत देते हैं।
स्वास्थ्य के बारे में क्या कहता है नाखूनों का आकार?
हमारे नाखूनों का आकार भी शरीर के बारे में बहुत कुछ कहता है। अगर आपके नाखून ऊपर की ओर मुड़े यानि चम्मच के आकार के हैं तो यह एनीमिया का संकेत है। हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों की वजह से नाखून उंगलियों के चारों ओर मुड़ने लगते हैं। अगर आपके नाखून बहुत जल्दी बढ़ते हैं तो आप हाइपरथायरायडिज्म का शिकार हैं और अगर वह बहुत धीरे बड़े होते हैं तो आपके शरीर में पोषण की कमी हो सकती है।
शरीर के बारे में क्या कहती है नाखूनों की बनावट?
नाखूनों की बनावट पर ध्यान देकर भी स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाया जा सकता है। जिनके नाखून बहुत मोटे होते हैं, वे फंगल संक्रमण, सोरायसिस या थायरॉइड का शिकार हो सकते हैं। जिनके नाखून बहुत कमजोर होते हैं और छिलने लगते हैं, उनके शरीर में आयरन, प्रोटीन या विटामिन की कमी हो सकती है। अगर आपके नाखूनों पर धारियां नजर आ रही हैं तो हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा हो सकता है।
नाखूनों पर क्यों होते हैं दाग?
आप में से कई लोगों के नाखूनों पर कभी न कभी दाग जरूर दिखाई दिए होंगे। ये विभिन्न रंगों के हो सकते हैं। नाखूनों पर सफेद धब्बे अक्सर हानिरहित होते हैं और मामूली चोट या कैल्शियम की कमी से हो सकते हैं। वहीं काले दाग गंभीर चोट, फंगल संक्रमण और आयरन या जिंक की कमी की वजह से हो सकते हैं। कुछ मामलों में काले रंग के दाग मेलेनोमा यानि त्वचा के कैंसर का संकेत भी हो सकते हैं।

डिस्क्लेमर : सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से विशेषज्ञ राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें। आर्यावर्त क्रांति इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।