लेटेस्ट न्यूज़
28 Apr 2026, Tue

‘निगेटिव पीआर बॉलीवुड में चरम पर है’, नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- फिल्म का प्रमोशन न करना हो, तो मैं दिखूं भी ना

बॉलीवुड में पीआर कल्चर काफी बढ़ गया है। इसके साथ ही पैसे देकर किसी के खिलाफ निगेटिव पीआर इन दिनों एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। इस बारे में कई कलाकारों ने खुलकर बात की। करण जौहर ने तो पेड पीआर को बंद करने की अपील भी की। अब अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पेड निगेटिव पीआर को लेकर बात की है। नवाज का कहना है कि मौजूदा दौर एक चरम स्तर पर पहुंच गया है, जहां बॉट्स, झूठी कहानियां और मनगढ़ंत राय जनता की सोच को प्रभावित कर रही हैं। आज के दौर में कई चीजें एक अभिनेता के कंट्रोल से बाहर हैं।
मेरा काम सिर्फ फिल्म पर काम करना और मेहनत करना
जूम के साथ बातचीत में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने निगेटिव पीआर और पीआर कल्चर को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के कंट्रोल में केवल एक ही चीज है और वो है अच्छा प्रदर्शन करना। प्रदर्शन कितना आगे जाएगा, यह उनके हाथ में नहीं है। फिल्म के प्रमोशन के बारे में उन्होंने कहा कि अगर प्रमोशन न होता तो लोग उन्हें असल जिंदगी में देख भी नहीं पाते, क्योंकि वे एकांत में रहना पसंद करते हैं। मेरा काम सिर्फ फिल्म को अपना पूरा प्रयास, मेहनत, एकाग्रता और ध्यान देना है। एक बार ये सबकुछ हो जाने पर मेरा काम खत्म हो जाता है।
यह एक बुरा समय चल रहा है
निगेटिव पीआर कंपेन को लेकर नवाज ने कहा कि यह दौर अपने चरम पर है। अभी बहुत कुछ देखना बाकी है और वह भी इसी दौर में होगा। इसलिए यह एक अजीब दुनिया है। मुझे लगता है कि यह कुछ समय तक ऐसे ही रहेगा। उसके बाद कहते हैं कि जब बुरा समय आता है, तो हर चीज के लिए बुरा समय होता है।
क्रिएटिविटी के लिए भी बुरा समय है। हर चीज के लिए बुरा। शायद कुछ साल के बाद अच्छा समय आएगा। लोग बिना किसी अर्थहीन नफरत के सही चीजों को पहचानने लगेंगे। कुछ साल बाद लोग खुद ही समझ जाएंगे कि कौन क्या है, क्या सच है, क्या झूठ है? मुझे नहीं पता था कि यह दौर लोगों के लिए इतना घटिया हो जाएगा कि अगर मैं दस लोगों को पैसे दूं और उनसे कहूं कि वह एक अच्छा अभिनेता है, तो लोग इस पर विश्वास करने लगेंगे। उनकी अपनी शिक्षा कहां गई? उनकी समझने की क्षमता कहां चली गई?
हां, अगर मैं दस लोगों को पैसे दूं और उनसे कहूं कि आप बहुत अच्छे हैं, तो ग्यारहवां व्यक्ति खुद ही यह कह देगा। मेरे जैसे अभिनेताओं में एक अलग तरह का आत्मविश्वास होता है।
‘मैं एक्टर नहीं हूं’ में नजर आएंगे नवाजुद्दीन
वर्कफ्रंट की बात करें तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी जल्द ही आगामी फिल्म ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ में नजर आएंगे। वो आखिरी बार पिछले साल आई फिल्म ‘थामा’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने निगेटिव भूमिका निभाई थी।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।