लखनऊ। दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने (स्वर्ण जयंती वर्ष) के अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 5 अगस्त 2026 को दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना, आधुनिक डेयरी तकनीकों के प्रति जागरूक करना तथा वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देना है।अपर मुख्य सचिव दुग्ध एवं पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम तथा दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. के निर्देश पर आयोजित इस कॉन्क्लेव का मुख्यालय से वेब लिंक के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में संबंधित मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में होगा, जबकि जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका शुभारंभ किया जाएगा।कॉन्क्लेव में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, दुग्ध संघों के प्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ होगा। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे से 11:30 बजे तक मुख्यालय से वेब लिंक के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ आधुनिक डेयरी प्रबंधन, नंद बाबा दुग्ध मिशन, व्यावसायिक डेयरी प्रसंस्करण, दुग्ध नीति-2022, चारा प्रबंधन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण और टीकाकरण सहित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देंगे। इसके साथ ही दुग्धशाला विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे तथा किसानों को तकनीकी और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों तक पहुंचाया जा सके।दुग्धशाला विकास विभाग ने प्रदेश के सभी दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़े नागरिकों से 5 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से किसानों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी मिलने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने और आजीविका को सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
स्वर्ण जयंती पर डेयरी विकास को नई रफ्तार, 5 अगस्त को 75 जिलों में डेयरी कॉन्क्लेव

By Aryavartkranti Bureau
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
