नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने सदस्यों तक पहुंच बढ़ाने और सेवाओं को अधिक सरल बनाने के लिए व्हाट्सएप का उपयोग करने की योजना बना रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो एक माह में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य सदस्यों को तेज, सहज और बहुभाषी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें पीएफ खातों से जुड़ी जानकारी और सुविधाएं आसानी से मिल सकें। इसके अलावा यूपीआई से पैसे निकालने के लिए परीक्षण पूरा हो चुका है।
व्हाट्सएप पर मिलेगी क्या-क्या सुविधा?
सदस्य अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी, पिछले पांच लेन-देन, क्लेम की स्थिति और अन्य सेवाओं के लिए भी व्हाट्सएप के जरिये सूचना प्राप्त कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया में पहले सदस्य का मोबाइल नंबर उनके यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) से सत्यापित किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें उनकी भाषा में मेन्यू विकल्प दिए जाएंगे।
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, व्हाट्सएप के जरिये सदस्यों तक पहुंचना अधिक प्रभावी और सुविधाजनक होगा। सदस्य केवल हेलो लिखकर ईपीएफओ के सत्यापित व्हाट्सएप नंबर पर बातचीत शुरू कर सकेंगे। मंत्री ने बताया कि शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से श्रम सुविधा 2.0 और समाधान 2.0 पोर्टल भी आरंभ किए गए हैं।
तकनीकी दिक्कतें दूर की जा रहीं
श्रम मंत्री ने कहा कि यूपीआई के जरिये कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) से पैसा निकालने के लिए परीक्षण का काम पूरा हो चुका है। जल्द ही इसकी शुरुआत हो जाएगी। इससे सात करोड़ से अधिक अंशधारकों को लाभ होगा। इस प्रणाली के सुचारू कार्यान्वयन के लिए सॉफ्टवेयर संबंधी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

