PM मोदी ने आंध्र प्रदेश को दी बड़ी सौगात, भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन; बोले- युवाओं के भविष्य का लॉन्च पैड

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अगस्त) को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही उन्होंने राज्य में 17,900 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ की। उन्होंने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए ऐतिहासिक है और भोगपुरम का नया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट राज्य के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का “लॉन्च पैड” साबित होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आधुनिक एयरपोर्ट केवल हवाई यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देने वाले विकास केंद्र भी होते हैं। उनका कहना था कि इस परियोजना से आंध्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को मजबूती मिलेगी।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय देश में बनने वाले अधिकांश एयरपोर्ट का नाम एक ही परिवार के सदस्यों के नाम पर रखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों को सम्मान देने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने अयोध्या और पंजाब सहित कई स्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।