नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल और तमिलनाडु के दौरे पर हैं, जहां वे कुल 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। केरल के एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री मोदी ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं उद्घाटन किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के राजकुमार को यह भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में चमत्कार कर रहे हैं।
इसके बाद, प्रधानमंत्री तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। यहां मुख्य रूप से गैस पाइपलाइन नेटवर्क पर जोर दिया गया है, जिससे नीलगिरी और इरोड जिलों के करीब 8.8 लाख घरों तक रसोई गैस पहुंचेगी और 200 से ज्यादा सीएनजी स्टेशन खुलेंगे। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पीएम मोदी तमिलनाडु में 89 ग्रामीण सड़कों और चेन्नई में एक बड़े ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, तमिलनाडु को पड़ोसी राज्यों और पूर्वी भारत से जोड़ने के लिए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य दक्षिण भारत में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
‘हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही वहां की सरकारें’
पीए मोदी ने कहा, मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं। वहां हर देश में जो हमारी एंबेसीज़ हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24×7 उनकी मदद कर रहे हैं।
इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही कांग्रेस: पीएम मोदी
मध्य पूर्व में जारी तनाव पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही है। कांग्रेस पार्टी जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है, गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं और हमारे लोग वहां संकट में फंस जाएं। फिर ये लोग मिलकर मोदी को गालियां देने की रील बनाने का अभियान शुरू कर सकें। यही उनका खेल है।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी के पहले 25 वर्षों में, LDF और UDF ने युवा शक्ति के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस को तो युवाओं की क्षमता पर भरोसा तक नहीं है। कांग्रेस के राजकुमार को यह भी नहीं पता कि भारत के युवा ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में चमत्कार कर रहे हैं। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि भारत में कई कंपनियां ड्रोन बना रही हैं। उन्हें यह भी नहीं पता कि केरलम के युवा ड्रोन स्टार्टअप्स खड़ा कर रहे हैं। वह एक छोटे से दायरे तक सीमित हैं और भारत की प्रगति को नहीं देख पा रहे हैं।
UDF-LDF केरल के विकास में बाधा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, UDF और LDF के बारी-बारी से सत्ता में आने के ढर्रे ने केरल को बहुत नुकसान पहुंचाया है। वे सोचते हैं कि 5 या 10 साल बाद वे फिर से सत्ता में लौट आएंगे, इसलिए वे केरल के विकास के लिए कड़ी मेहनत नहीं करते। केरल में भ्रष्टाचार का यह एक बड़ा कारण है। यही वजह है कि यहां विकास परियोजनाएं रुक जाती हैं।
‘केरलम’ और मलयाली संस्कृति का सम्मान
प्रधानमंत्री ने कहा, मुझे गर्व है कि भारत और पूरी दुनिया अब इस महान राज्य को केरलम पुकार रही है। मुझे गर्व है कि यह कार्य भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किया गया है। यह आपकी भावनाओं और मलयालम संस्कृति की समृद्ध महानता के प्रति हमारा सम्मान है।
केरल में सड़क परियोजनाओं का विस्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ज केरल में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। 6-लेन सड़क से अझिकल बंदरगाह तक कनेक्टिविटी में सुधार होगा। साथ ही, सिक्स-लेन कोझिकोड बाईपास से कोझिकोड में यातायात की समस्या कम होगी। ये परियोजनाएं केरल के किसानों को लाभान्वित करेंगी और पर्यटन को बढ़ावा देंगी।
10,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
केरल के बुनियादी ढांचे के लिए रिकॉर्ड फंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इस साल के केंद्र सरकार के बजट में बुनियादी ढांचे के लिए रिकॉर्ड फंड शामिल किया गया है। केरल को इस इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश से काफी बड़े लाभ मिल रहे हैं।

