लेटेस्ट न्यूज़
17 Apr 2026, Fri

कर्नाटक दौरे पर पीएम मोदी: मांड्या में भैरवैक्य मंदिर का किया उद्घाटन, बोले- यहां आकर मुझे नई प्रेरणा मिलती है

बेंगलुरु, एजेंसी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दौरे पर हैं। जहां उन्होंने मांड्या जिले में स्थित श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। इस दौरान पीएम मोदी को सम्मानित भी किया गया। यह सम्मान उन्हें श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया। यह मंदिर श्री श्री श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है, जो श्री अदिचुंचनगिरि मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे। मंदिर पारंपरिक द्रविड़ शैली में बना है और इसे उनकी जीवन यात्रा और समाज सेवा को सम्मान देने के रूप में देखा जा रहा है। यह मंदिर बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों और समाज सेवा के योगदान को याद करने के लिए बनाया गया एक स्मारक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पीएम मोदी ने मंदिर के उद्घाटन के बाद वहां उपस्थित लोगों को संबोधन भी किया।
आयुष्मान भारत योजना का किया जिक्र
पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत आज करोड़ों गरीब लोगों को अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना का विस्तार 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों तक भी किया गया है, ताकि उन्हें सम्मान और गरिमा के साथ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि सरकार भी इसी सोच को आगे बढ़ा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों गरीब लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। इसके साथ ही इस योजना का विस्तार 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों तक किया गया है, ताकि उन्हें सम्मान के साथ बेहतर इलाज मिल सके।
शिक्षा के क्षेत्र में महास्वामीजी का बड़ा योगदान- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महास्वामीजी ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कई शिक्षण संस्थान स्थापित किए, जहां प्राथमिक शिक्षा से लेकर मेडिकल और इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई की व्यवस्था है। इसका सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों को मिला है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महास्वामीजी का योगदान बहुत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने ऐसे अस्पताल और संस्थान बनाए जहां सेवा को सबसे ऊपर रखा गया। उनका मानना था कि अच्छी स्वास्थ्य सुविधा सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है।
भैरव मंदिर में दर्शन मेरे लिए खास अनुभव- पीएम मोदी
संबोधन के शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि आज उनके मन में बहुत गहरे भाव हैं, जिन्हें शब्दों में बताना मुश्किल है। श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन और पूजा करना, श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन देखना और ऐतिहासिक ज्वालापीठ में समय बिताना उनके लिए एक बहुत खास अनुभव रहा। उन्होंने यह भी कहा कि आध्यात्मिक रूप से ऊंचाई पर पहुंचे संतों के बीच रहना और इस विशाल जनसमूह को देखना उनके लिए यादगार पल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें यहां आने और लोगों के बीच रहने का अवसर मिला। उन्होंने इस अवसर पर सभी लोगों को हार्दिक बधाई भी दी।
शिव महिम्ना स्तोत्रम् नाम की पुस्तक का विमोचन भी करेंगे
इसके बाद पीएम मोदी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवे गौड़ा के साथ मिलकर सौंदर्य लहरी और शिव महिम्ना स्तोत्रम् नाम की पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। बता दें कि बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी अपने समाजसेवा के कार्यों के लिए काफी सम्मानित थे। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई संस्थान स्थापित किए और हमेशा यह संदेश दिया कि समाज की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।
दिल्ली से देहरादून के बीच एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली से देहरादून के बीच बने 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 213 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे से यात्रा का समय 5-6 घंटे से घटकर करीब 2 से 2.5 घंटे हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों को जोड़ते हुए देहरादून तक जाता है और देश के बड़े हाईवे नेटवर्क से भी जुड़ता है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।