मुंबई की टीम छोड़ना चाहते हैं पृथ्वी शॉ, मुंबई क्रिकेट संघ से मांगा एनओसी; क्यों लिया फैसला?

मुंबई। भारतीय टीम के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ घरेलू टीम मुंबई का साथ छोड़ना चाहते हैं और उन्होंने इसके लिए मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा है। पृथ्वी ने एमसीए से इसलिए स्वकृति मांगी है जिससे एक क्रिकेटर के रूप में प्रगति और विकास के लिए वह नई घरेलू टीम से अनुबंध कर सकें। पृथ्वी पिछले कुछ समय से लाल गेंद की टीम से बाहर हैं, लेकिन उन्होंने सीमित ओवरों के प्रारूप की क्रिकेट खेली है। हालांकि उनके मैदान के बाहर के अनुशासनात्मक मुद्दों ने मैदान पर उनके प्रदर्शन से अधिक सुर्खियां बटोरी हैं।
एमसीए के एक सीनियर अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि एमसीए को पृथ्वी का पत्र मिला है जिसमें उन्होंने एनओसी देने की मांग की है। एमसीए सूत्र ने कहा, ‘हां, हमें पृथ्वी का पत्र मिला है जिसे स्वीकृति के लिए शीर्ष परिषद के पास भेजा गया है। जल्द ही इस बारे में फैसला ले लिया जाएगा।’ इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने एमसीए को भेजे पत्र में कहा कि वह मुंबई टीम में बिताए समय के लिए आभारी हैं लेकिन अब आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने 2017 में मुंबई के लिए पदार्पण किया था।
एमसीए को दिया धन्यवाद
पृथ्वी ने कहा, मैं इस अवसर पर एमसीए को ईमानदारी से धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने संघ का प्रतिनिधित्व करने के दौरान मुझे बहुमूल्य अवसर और अटूट समर्थन दिया। एमसीए का हिस्सा बनना बेहद सम्मान और सौभाग्य की बात है और मैं यहां प्राप्त अनुभव के लिए बहुत आभारी हूं। मेरे करियर के इस मोड़ पर मुझे एक अन्य राज्य संघ के तहत पेशेवर क्रिकेट खेलने का एक शानदार अवसर मिला है जो मुझे विश्वास है कि एक क्रिकेटर के रूप में मेरे विकास और प्रगति में और योगदान देगा। इसके मद्देनजर मैं आपसे विनम्र अनुरोध करता हूं कि मुझे एनओसी जारी करें जो मुझे आगामी घरेलू सत्र में आधिकारिक रूप से नए राज्य संघ का प्रतिनिधित्व करने में सक्षम बनाएगा।
रणजी टीम से बाहर हुए थे पृथ्वी
पृथ्वी ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय सावधानीपूर्वक विचार करने और एमसीए के प्रति अत्यंत सम्मान के साथ लिया है। भारत के लिए पांच टेस्ट और छह वनडे मैच खेलने वाले पृथ्वी को पिछले साल खराब फिटनेस और अनुशासन की कमी के कारण मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। रणजी ट्रॉफी के बाकी सत्र से बाहर रहने के बाद पृथ्वी ने आखिरी बार मुंबई के लिए प्रीमियर घरेलू टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ खेला था जिसमें उनकी टीम ने पांच विकेट से जीत दर्ज की थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular