कैबिनेट बैठक में शुभांशु के लिए प्रस्ताव पारित, कहा- विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी ऊर्जा

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की सराहना करते हुए प्रस्ताव पारित किया। कैबिनेट बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री वैष्णव ने कहा कि शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन ने भारत को अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने के एक कदम और करीब पहुंचा दिया।
‘पूरे देश के लिए गौरव और खुशी का अवसर’
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से वापसी पर एक प्रस्ताव पारित किया है। यह पूरे देश के लिए गौरव और खुशी का अवसर है। आज पूरे देश के साथ मंत्रिमंडल भी ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को पृथ्वी पर उनकी सफल वापसी पर बधाई देता है।’
‘इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पूरी टीम को बधाई’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिनों का ऐतिहासिक मिशन पूरा किया है। यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया अध्याय है। यह हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के भविष्य की एक सुनहरी झलक पेश करता है। मंत्रिमंडल इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पूरी टीम को बधाई देता है।’
‘2047 तक देश को नई ताकत मिलेगी’
अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का मिशन केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं है, यह भारत की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का एक उदाहरण है। इससे हमारे बच्चों और युवाओं में जिज्ञासा बढ़ेगी और वैज्ञानिक सोच का विकास होगा। इससे प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा विज्ञान और नवाचार को अपना करियर बनाएंगे। मंत्रिमंडल का दृढ़ विश्वास है कि यह मिशन विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा। भारत को एक विकसित देश बनाने का सपना प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक देश को नई ताकत मिलेगी।’
18 दिनों के प्रवास के बाद शुभांशु शुक्ला पृथ्वी पर लौटे
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिनों के प्रवास के बाद शुभांशु शुक्ला मंगलवार को खुशी और मुस्कुराहट के साथ पृथ्वी पर लौट आए थे, लेकिन उनकी स्वदेश वापसी अभी करीब एक महीने दूर है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अनुसार, मिशन के बाद की औपचारिकताओं को पूरा कर शुभांशु अगले महीने 17 अगस्त तक भारत आ पाएंगे। शुभांशु की इस उपलब्धि के साथ भारत की मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान गगनयान मिशन की महत्वाकांक्षाओं को साकार करने की तैयारी शुरू हो गई है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular