‘विनाश’ की पहचान राजद-कांग्रेस, ‘विकास’ की पहचानएनडीए, प्रधानमंत्री मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विकास की पहचान है, जबकि आरजेडी-कांग्रेस विनाश की प्रतीक हैं। बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षा की चुनावी सभा में पीएम मोदी ने कहा, नए और पहली बार वोट डालने वाले मतदाता बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें। पहली बार वोट देने वाले नौजवानों के वोट से राजग की सरकार बनेगी और जंगलराज की हार होगी। उन्होंने कहा, बिहार तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, यह रफ्तार रुकनी नहीं चाहिए। फिर एक बार बिहार में सुशासन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाएं पूरी होंगी और हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा, बिहार में ही रोजगार पाए।
कहा-कुछ लोग हमारी बेटियों का सम्मान नहीं करते
प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा, हमें अपनी बेटियों का सम्मान करना चाहिए। यह जीत हमारी बेटियों के आत्मविश्वास का प्रतीक है। आज देश में लगभग 87 लाख स्टार्टअप हैं जिनमें महिलाएं मुखिया या साझेदार हैं। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हमारी बेटियों का सम्मान नहीं करते। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यह सुनिश्चित किया कि अधिकतर पक्के मकान महिलाओं के नाम पर दिए जाएं। उन्होंने बिहार की महिलाओं और बेटियों से आह्वान किया कि वे जंगलराज वालों से सतर्क रहें, जो इन सुविधाओं को बंद करना चाहते हैं।
बिहार की जनता ने आरजेडी को नकार दिया था
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2005 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने आरजेडी को नकार दिया था, लेकिन हार के बाद उन्होंने लोगों से बदला लेने का मन बना लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने बिहार के विकास को रोक दिया था। अब जनता को उन्हें सबक सिखाना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने बिहार में विकास कार्यों को पुनः शुरू किया और केंद्र से पर्याप्त फंड जारी किया। उन्होंने बताया कि देश का सबसे लंबा पुल कोसी नदी पर बन रहा है। कांग्रेस और आरजेडी को कोसी क्षेत्र की पीड़ा का कभी एहसास नहीं हुआ। हमारी सरकार ने बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए काम शुरू किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘मखाना बोर्ड’ का गठन किया है ताकि इस क्षेत्र का मखाना अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचे।
पीएम मोदी ने कहा, मैं विदेश यात्राओं में विश्व नेताओं को बिहार के किसानों की मेहनत से तैयार मखाना भेंट करता हूं। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के शब्दकोश में केवल ‘कट्टा, क्रूरता, करप्शन और कुशासन’ ही हैं। उन्होंने ये सब ‘जंगलराज की पाठशाला’ में सीखा है। उन्होंने याद दिलाया कि आरजेडी शासनकाल में पुलिस तक सुरक्षित नहीं थी — सहरसा के डीएसपी सत्यपाल की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उन्होंने कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी। तब ठेकेदारों की हत्या होती थी, अपराध और अपहरण की मंडी लगती थी। आज बिहार में सड़कें, एयरपोर्ट और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है, लेकिन राजद और कांग्रेस को यह सब अच्छा नहीं लगता।
‘मेक इन इंडिया’ का बड़ा केंद्र बनेगा बिहार
प्रधानमंत्री ने कहा, जल्द ही बिहार में इलेक्ट्रिक वाहन और मोबाइल फोन का निर्माण शुरू होगा, जिससे यह क्षेत्र ‘मेक इन इंडिया’ का बड़ा केंद्र बनेगा। नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा, कांग्रेस सरकार ने इसके पुनर्विकास के लिए केवल 20 करोड़ रुपए दिए थे, जबकि हमने 2,000 करोड़ रुपए खर्च किए। आज नालंदा विश्वविद्यालय में 21 देशों के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, हम बिहार की खोई हुई गौरवगाथा को फिर से स्थापित कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस और राजद घुसपैठियों की रक्षा करना चाहते हैं। बिहार को घुसपैठियों से बचाना जरूरी है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular